🔥 TRENDING ಬಸವಣ್ಣನವರ ಕುರಿತು ಅವಹೇಳನಕಾರಿ ಹೇಳಿಕೆ - ರ... ఇచ్చోడ:రూ.7 కోట్లతో విద్యా సంస్థల అభివ... અમરેલી સિવિલ હોસ્પિટલમાં બાપા સીતારામ... साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्ट... வேலூர் புதிய பேருந்து நிலையத்தில் போக்... Punjab Congress lifts suspension of fo...
23 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश*

✍️ Reporter: Hira Lal Bhoorani 🗓 23 Nov 2026, 03:19 PM 👁 13
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश*

खैरथल हीरालाल भूरानी

जिला कलक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं एवं आगामी महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
उन्होंने विभिन्न विभागों की लंबित एवं असंतुष्ट परिवेदनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि लंबित एवं असंतुष्ट शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सीएमओ स्तर के प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही, किसी प्रकरण के एस्केलेशन होने पर निचले स्तर के संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करने की बात कही, ताकि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयावधि में समाधान हो तथा अनावश्यक रूप से प्रकरण उच्च स्तर पर नहीं पहुंचे।
बैठक में *स्मार्ट* प्रोजेक्ट के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत 7 विभागों की कुल 26 सेवाओं को शामिल किया गया है। इस परियोजना का उद्देश्य विभिन्न विभागों की सेवाओं को तकनीक आधारित एवं अधिक सुगम बनाना तथा नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध करवाना है। इसके माध्यम से विभागीय सेवाओं को एकीकृत रूप से उपलब्ध करवाने, सेवा वितरण प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित बनाने तथा आमजन को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बैठक में परियोजना के अंतर्गत शामिल सेवाओं एवं उनके क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई।
इसके साथ ही आगामी वर्ष के लिए पेंशन सत्यापन कार्य प्रारंभ किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई तथा संबंधित कार्यों की प्रगति एवं तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में आगामी चुनावों की निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से जुड़े सभी उपखंड अधिकारियों (SDM) को निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया के सफल, सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात आयोजित जिला स्तरीय दूरसंचार समिति की बैठक में जिले में मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में राताखुर्द पंचायत समिति में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के बारे में बताया। जिला कलक्टर ने संबंधित दूरसंचार कंपनियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं तथा समस्या के समाधान हेतु संभावित विकल्पों पर कार्यवाही की जाए।
जिला कलक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को विभागीय कार्यों में गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करने तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, कोषाधिकारी गोपालकालरा, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग महेंद्र कुमार, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत बालयांण, सहायक अभियंता दिनेश भड़ाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
📲Get App