🔥 TRENDING தீபாவளி பண்டிகையை ஒட்டி, பண்டிகைக்கு ம... बभनी न्याय पंचायत में प्राथमिक व उच्च... AP Woman Turns Rs 20,000 Cashew Loan I... Cyclone Arnab Kills Five in Andhra Pra... Gujarat Achieves 50.75% Recovery of Lo... Gujarat AAP Demands Financial Aid for...
28 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

पंचायती राज आम चुनाव-2026 फर्जी दस्तावेजों पर अंकुश लगाने के लिए ई-मित्र केंद्रों के निरीक्षण का अभियान जारी

✍️ Reporter: Suraj Poswal 🗓 28 Oct 2026, 07:05 PM 👁 12
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
पंचायती राज आम चुनाव-2026
फर्जी दस्तावेजों पर अंकुश लगाने के लिए ई-मित्र केंद्रों के निरीक्षण का अभियान जारी

दौसा ब्लॉक में तीन दिन में 38 ई-मित्र केंद्रों का औचक निरीक्षण, अनियमितताओं पर कार्रवाई

दौसा, 28 अक्टूबर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के मद्देनजर फर्जी मतदाता पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज तैयार करने जैसी अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन का अभियान तीसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा के निर्देश पर दौसा पंचायत समिति क्षेत्र में संयुक्त टीमों ने तीन दिन में कुल 38 ई-मित्र केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (पंचायत) एवं उप जिला कलक्टर संजू मीना ने बताया कि उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं प्रोग्रामर की संयुक्त टीमों ने ई-मित्र केंद्रों पर सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता, निर्धारित दरों की पालना तथा दस्तावेजों से संबंधित अनियमितताओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान 8 ई-मित्र केंद्रों पर निर्धारित दरों की सूची प्रदर्शित नहीं मिली, जबकि 2 केंद्रों पर निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने की अनियमितता सामने आई। संबंधित संचालकों पर विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार शास्ति आरोपित करते हुए उन्हें नियमानुसार कार्य करने के लिए पाबंद किया गया।

उन्होंने सभी ई-मित्र संचालकों को निर्देश दिए कि मतदाताओं के मूल दस्तावेजों में किसी प्रकार की काट-छांट या छेड़छाड़ नहीं करें तथा फर्जी दस्तावेज तैयार करने जैसी गतिविधियों से दूर रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित ई-मित्र केंद्र का लाइसेंस निरस्त करने सहित नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी ई-मित्र संचालकों को सरकारी सेवाएं पारदर्शिता के साथ निर्धारित दरों पर तथा विभागीय नियमों के अनुरूप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, चुनाव के दौरान दस्तावेजों से संबंधित किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लेने की बात कही।
📲Get App