🔥 TRENDING 3677 करोड़ की सड़क परियोजनाओं से बदलेग... लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयार... त्योहारी सीजन में मिठाई की दुकानों एवं... जौनपुर में एसएसपी का बड़ा एक्शन, नगर क... नवादा में परिवहन विभाग का बड़ा अभियान:... Arunachal CM Says Farewell to DGP Sing...
05 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Sarkari Yojana

3677 करोड़ की सड़क परियोजनाओं से बदलेगी उत्तर प्रदेश की तस्वीर : नितिन गडकरी

✍️ Reporter: Surya bhan singh 🗓 05 Nov 2026, 06:20 PM 👁 4
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
मुंगरा बादशाहपुर में केंद्रीय मंत्री ने किया परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन और लोकार्पण
इथेनॉल से चलेगी इनोवा, किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता बनाने पर जोर

जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री भारत सरकार नितिन गडकरी ने गुरुवार को जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए 3677 करोड़ रुपये की विभिन्न सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब पांच लाख करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर काम किया जा रहा है, जिसमें एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि अन्य परियोजनाएं विभिन्न प्रक्रियाओं में हैं।
गडकरी ने कहा कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने वाली है। प्रदेश के जिन इलाकों में पहले सड़कें नहीं थीं और लोगों को खेतों के रास्ते आवागमन करना पड़ता था, वहां अब बेहतर सड़क संपर्क विकसित किया जा रहा है। सड़क और राजमार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि विकास, व्यापार, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के रास्ते भी खोलते हैं।
उन्होंने वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ और प्रयागराज सहित विभिन्न क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए चल रही सड़क परियोजनाओं का उल्लेख किया। वाराणसी-जौनपुर रिंग रोड, कैंट-बाबतपुर मार्ग तथा लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी मार्गों के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय आवागमन को नई गति मिलेगी। चंदौली क्षेत्र में भी कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने बाबतपुर एयरपोर्ट के पास एक महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा करते हुए कहा कि रनवे के नीचे से ग्रीन टनल बनाने की योजना पर काम किया जाएगा। इससे वाराणसी, जौनपुर और लखनऊ की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।
*किसान बनेगा अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता*
किसानों की आय और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था पर चर्चा करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि अब ऊर्जादाता भी बनेगा। देश में वैकल्पिक ईंधन और इथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने घोषणा की कि इसी महीने टाटा मोटर्स की ओर से 100 प्रतिशत इथेनॉल से चलने वाली इनोवा गाड़ी लॉन्च की जाएगी। इससे पेट्रोलियम ईंधन पर निर्भरता कम करने और किसानों के लिए ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने की दिशा में मदद मिलेगी।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह स्वयं किसान हैं और हमारी क्षेत्र में चार चीनी मिलें संचालित होती हैं। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में कभी 10 हजार किसानों ने आत्महत्या की थी। इसी समस्या के समाधान और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए वह पिछले 30 वर्षों से लगातार काम कर रहे हैं।
गडकरी ने कहा कि कृषि, उद्योग और ऊर्जा को एक-दूसरे से जोड़कर किसानों की आर्थिक स्थिति में बदलाव लाया जा सकता है। इथेनॉल उत्पादन जैसे विकल्प किसानों के लिए अतिरिक्त आय के रास्ते खोल सकते हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने सड़क निर्माण के साथ-साथ किसानों की समृद्धि, वैकल्पिक ऊर्जा और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को देश के विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया। मंच पर उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री गिरीश चंद यादव, लोकसभा सांसद सीमा द्विवेदी, पूर्व गृहमंत्री कृपा शंकर सिंह, जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, बदलापुर विधायक रमेश, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिन्सु, एवं अन्य नेता गड़ उपस्थित है
📲Get App