योगापट्टी में गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, करीब 100 महिलाओं की हुई जांच
Watch on:
📘 Facebook
योगापट्टी। पश्चिम चंपारण जिले के योगापट्टी प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 100 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। जांच के बाद जरूरत के अनुसार महिलाओं को दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर में तैनात महिला चिकित्सक डॉ. स्विटी रानी ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। उन्होंने महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने, पौष्टिक भोजन लेने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। मौसम के अनुसार खानपान और रहन-सहन की दी जानकारी डॉ. स्विटी रानी ने बदलते मौसम और ठंड से बचाव के लिए महिलाओं को गर्म कपड़े पहनने तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी। साथ ही साफ-सफाई, खानपान और दैनिक दिनचर्या को लेकर भी जरूरी जानकारी दी गई। शिविर में जांच कराने पहुंचीं मीना देवी, सुष्मिता गुप्ता, परमेशिला देवी और कलावती देवी सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि अस्पताल में महिला चिकित्सक की उपलब्धता से उन्हें काफी सहूलियत मिलती है। डॉ. स्विटी रानी नियमित रूप से गर्भवती महिलाओं की जांच करती हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर उचित सलाह देती हैं। इस दौरान एएनएम बेबी कुमारी, डोली कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।