🔥 TRENDING *वार्ड 31 में खुला पुराना कुआं बना हाद... Yogi demands harsh punishment after bo... ‘Ru Soam’ Initiative Trains 15 Sikkim... Commemorative Book Honors Sikkim Liter... NFR meets Sikkim government to fast‑tr... 🎵 हनुमानगढ़ के सुरों ने जयपुर में जमा...
19 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

पंचायत आम चुनाव-2026: जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना का सघन पूर्वाभ्यास

✍️ Reporter: Yash karyani 🗓 19 Nov 2026, 03:04 PM 👁 15
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
20 नवंबर को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में होगी मतगणना

अधिकारियों एवं कार्मिकों को ईवीएम और डाक मतपत्रों की गणना का दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण

हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को मतगणना स्थल हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में मतगणना का व्यावहारिक पूर्वाभ्यास एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया। दोनों पदों के लिए मतगणना 20 नवंबर को इसी केंद्र पर होगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव और एसपी श्री बी. आदित्य के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण में पंचायत समिति हनुमानगढ़ के मतगणना कक्ष में वास्तविक मतगणना दिवस की तर्ज पर संपूर्ण प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना एक ही कक्ष में एक साथ की जाएगी। इसमें पहले जिला परिषद सदस्य तथा उसके पश्चात पंचायत समिति सदस्य पद के मतों की गणना की जाएगी।

डाक मतपत्रों की गणना से होगी शुरुआत

अधिकारियों एवं कार्मिकों को राजस्थान पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 54-क के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया गया कि रिटर्निंग अधिकारी द्वारा सर्वप्रथम डाक मतपत्रों की गणना प्रारंभ की जाएगी। इसके आधे घंटे बाद ईवीएम की कंट्रोल यूनिट गणना मेजों पर उपलब्ध कराई जाएगी। राज्य निर्वाचन आयोग के नवीनतम निर्देशों के अनुसार वैध एवं अवैध डाक मतपत्रों की संवीक्षा के नियमों से भी अवगत कराया गया।

सील और टैग का अभ्यर्थियों के सामने होगा सत्यापन

मतगणना दलों को निर्देश दिए गए कि स्ट्रांग रूम से केवल कंट्रोल यूनिट, प्रारूप-14 एवं पीठासीन अधिकारी की घोषणा वाले सीलबंद लिफाफे ही गणना मेजों तक लाए जाएंगे। प्रत्येक राउंड में कैरिंग केस की बाहरी सील, स्ट्रिप सील, पिंक पेपर सील एवं विशेष टैग के क्रमांको का मिलान उपस्थित अभ्यर्थियों और गणन अभिकर्ताओं को दिखाकर किया जाएगा।

ट्रायल के दौरान प्रारूप-14 में राउंडवार मत दर्ज करने, सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी द्वारा मतों का संकलन करने तथा अंतिम परिणाम पत्र तैयार करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया।

ऑनलाइन परिणाम प्रविष्टि एवं मीडिया सूचना का भी ट्रायल

सांख्यिकी प्रकोष्ठ एवं सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग की ओर से कंप्यूटर पर परिणामों की ऑनलाइन प्रविष्टि तथा मीडिया को त्वरित सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था का भी सफल परीक्षण किया गया। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अधिकृत पासधारकों को ही मिलेग प्रवेश

मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत पास अथवा फोटोयुक्त बैज धारक कार्मिकों, अभ्यर्थियों एवं उनके नियुक्त गणन अभिकर्ताओं को ही प्रवेश दिया जाएगा। इस अवसर पर एडीएम श्री उम्मेदी लाल मीना, जिला परिषद सीईओ सुश्री श्रद्धा गोमे, एडिशनल एसपी श्री अरविंद, हनुमानगढ़ रिटर्निंग अधिकारी श्री श्याम सुंदर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहें।
📲Get App