Defence
लगातार बारिश और यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर सजेती पुलिस अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई निगरानी
नदी किनारे लोगों को किया जागरूक, अनावश्यक रूप से यमुना के पास न जाने की अपील
कानपुर। लगातार हो रही बारिश और यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कानपुर कमिश्नरेट के दक्षिण जोन में पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। थाना सजेती पुलिस द्वारा नदी किनारे स्थित संवेदनशील क्षेत्रों और जलभराव की आशंका वाले स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर हालात का जायजा लिया जा रहा है। पुलिस कर्मियों ने यमुना नदी के आसपास रहने वाले एवं वहां मौजूद लोगों से संवाद कर उन्हें संभावित खतरे के प्रति जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि वे अनावश्यक रूप से नदी के नजदीक न जाएं और किसी भी स्थिति में नदी में उतरने का जोखिम न उठाएं। साथ ही बच्चों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा जोखिम वाले स्थानों पर भीड़ एकत्रित न करने की हिदायत दी गई। सजेती पुलिस द्वारा संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों को संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाने के लिए सतर्क रखा गया है। पुलिस का प्रयास है कि बारिश और बढ़ते जलस्तर के बीच किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके तथा ग्रामीणों एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।