🔥 TRENDING लाडली महल में भक्ति और श्रद्धा के साथ... காரைக்குடிக்கு புதிய தொழில் துறை அறிவி... नौटंकी में बिसाड़ लड़ाई, पुलिस ने किया ह... Shin Mina on Portraying Royalty and Eu... Telangana Calls for Food Processing In... 31 Killed as Fuel Tanker Crash Ignites...
26 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

कोतवाली थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत पर एएसआई सतानंद रावत से मिली घूसखोरी की मांग

✍️ Reporter: Dinkar Kumar Mahara 🗓 23 Nov 2026, 07:31 AM 👁 46
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मोबाइल गुम होने की शिकायत लेकर आए आवेदक को कोतवाली थाने के एएसआई सतानंद रावत ने गुटखा लाने और अतिरिक्त खर्चा करने को कहा, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।

अनूपपुर। पुलिस की पहचान जनता की सुरक्षा, सेवा और कानून के पालन से होती है, लेकिन जब थाने में शिकायत लेकर पहुंचने वाले फरियादी को ही कथित तौर पर गुटखा लाने और चढ़ोतरी चढ़ाने की सलाह मिलने लगे, तो पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है। अनूपपुर कोतवाली से जुड़ा एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की जनसेवा और जवाबदेही के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला रविवार की लगभग दोपहर 2 बजे का बताया जा रहा है। आवेदक लक्ष्मण कुमार अपना गुम हुआ मोबाइल तलाशने की उम्मीद लेकर कोतवाली थाना पहुंचे थे। यहां उनकी मुलाकात थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) सतानंद रावत से हुई। आवेदक ने मोबाइल गुम होने का आवेदन सौंपते हुए उसकी रिसीविंग मांगी।

आवेदक के मुताबिक, आवेदन हाथ में लेते ही एएसआई सतानंद रावत ने कथित तौर पर सबसे पहले कहा कि 'पहले मेरे लिए गुटखा लेकर आओ, फिर रिसीविंग दूंगा।' इस पर जब लक्ष्मण कुमार ने कहा कि वह न तो गुटखा खाते हैं और न ही खरीदकर लाएंगे, उन्हें केवल आवेदन की रिसीविंग चाहिए,

तब एएसआई द्वारा बातचीत का दूसरा रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस तभी काम करती है, जब कुछ चढ़ोतरी चढ़ाई जाती है। कुछ खर्च करोगे, तभी मोबाइल तलाशने की कोशिश होगी, अन्यथा ऐसे आवेदन आते रहते हैं और कागजों में पड़े रह जाते हैं।

वर्दी जनता की सेवा के लिए है या फरियादियों से फरमाइश के लिए?

पूरे मामले में आवेदक द्वारा दी गई जानकारी लगाए गए ये आरोप सही हैं, तो यह महज एक कर्मचारी के व्यवहार का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न है। जिस थाने में पीड़ित अपनी समस्या लेकर पहुंचे और उसे शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया में ही कथित तौर पर गुटखा तथा खर्चे की फरमाइश सुननी पड़े, वहां आम नागरिक न्याय की उम्मीद किससे करेगा?

आखिर पुलिस विभाग में देशभक्ति और जनसेवा की शपथ का अर्थ क्या ?

क्या फरियादी की शिकायत पर कार्यवाही करना किसी कर्मचारी की व्यक्तिगत कृपा है? क्या गुम मोबाइल की तलाश करना पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है? और क्या किसी आवेदन की प्राप्ति रसीद देने के लिए भी किसी प्रकार की चढ़ोतरी आवश्यक है?

गुटखे का शौक है तो अपनी जेब से पूरा करें, फरियादी क्यों उठाए खर्च?

अगर किसी कर्मचारी को गुटखे का शौक है, तो उसका खर्च अपनी जेब से उठाना चाहिए। जनता की सेवा के लिए मिली वर्दी को निजी फरमाइश पूरी कराने का माध्यम नहीं बनाया जा सकता। फरियादी थाने में अपनी परेशानी लेकर पहुंचता है, किसी कर्मचारी की व्यक्तिगत जरूरतें पूरी करने नहीं।

वर्दी की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों पर हो कार्यवाही

इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को स्वतः संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। संबंधित एएसआई सतानंद रावत से पूरे घटनाक्रम पर जवाब लिया जाए तथा थाने में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शिकायत की सत्यता की जांच हो।

यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई फरियादी अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो उसे सम्मान मिले, न कि कथित तौर पर गुटखा और चढ़ोतरी की मांग का सामना करना पड़े।

सवाल सिर्फ एक गुम मोबाइल का नहीं, सवाल उस भरोसे का है जिसके सहारे आम आदमी पुलिस की चौखट तक पहुंचता है। अगर शिकायत की रिसीविंग के लिए भी फरियादी को कथित सुविधा शुल्क और व्यक्तिगत फरमाइशों का सामना करना पड़े, तो फिर जनसेवा का दावा आखिर किसके लिए है?
📲Get App