🔥 TRENDING Three suspects undergo polygraph tests... જામનગરના બિઝમેનએ પુત્રની પત્ની પર ‘બળા... NFHS-6 Reveals District‑wise Variation... Andhra Pradesh government approves inc... Andhra Pradesh Removes Infrastructure... Hundreds of Currency Notes Discovered...
16 Sep 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

भादवा मेला रामदेवरा में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद* *पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन में बांटकर 225-225 सफाईकर्मियों की टीम तैनात, रात्रि में भी जारी है सफाई अभियान*

✍️ Reporter: Rajendra Kumar sen 🗓 16 Sep 2026, 02:06 PM 👁 27
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*भादवा मेला रामदेवरा में सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद*
*पूरे मेला क्षेत्र को चार जोन में बांटकर 225-225 सफाईकर्मियों की टीम तैनात, रात्रि में भी जारी है सफाई अभियान*
जैसलमेर, 16 सितंबर। लोकदेवता बाबा रामदेवजी के भादवा मेले में देशभर से उमड़ने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं ग्राम पंचायत रामदेवरा की ओर से सफाई व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता दी गई है। मेला क्षेत्र में दिन के साथ-साथ रात्रि में भी नियमित सफाई करवाई जा रही है एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है।
विकास अधिकारी पंचायत समिति सांकड़ा एवं सहायक मेला अधिकारी रामदेवरा मनवीर सिंह बेनीवाल ने बताया कि जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल एवं मेला अधिकारी हीर सिंह चारण के निर्देशानुसार संपूर्ण मेला क्षेत्र को चार जोन में विभाजित कर सफाई व्यवस्था संचालित की जा रही है। प्रत्येक जोन में 225 सफाईकर्मियों की टीम तैनात की गई है। अलग-अलग जोन के लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के अनुरूप सफाई कार्य प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
*चार जोन में व्यवस्थित होगी सफाई व्यवस्था*
जोन-1: पैनोरमा से ग्राम पंचायत कार्यालय एवं वीआईपी रोड क्षेत्र।
जोन-2: चाचा चौक से नोखा चौराहा, रेलवे स्टेशन रोड एवं गौरव पथ क्षेत्र।
जोन-3: पुलिया नंबर-1 से रेलवे स्टेशन तक का क्षेत्र।
जोन-4: करणी पॉल से रामदेवरा-नाचना चौराहा एवं आसपास का क्षेत्र।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही एवं भीड़ को देखते हुए सफाई दलों को निर्धारित क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी नहीं रहे, इसके लिए नियमित निगरानी के साथ आवश्यकतानुसार तत्काल सफाई करवाई जा रही है। रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
*श्रद्धालुओं से स्वच्छता में सहयोग की अपील*
भादवा मेले में लाखों श्रद्धालुओं के रामदेवरा पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने होटल व्यवसायियों, दुकानदारों, स्थानीय ग्रामीणों एवं देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं से स्वच्छता व्यवस्था में सक्रिय सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने आग्रह किया है कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें एवं सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाएं।
जिला प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ रामदेवरा, सुगम रामदेवरा की भावना के साथ सभी के सामूहिक सहयोग से मेला क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखा जा सकता है।
*भादवा मेले से बेसहारा पशुओं को पहुंचाया जा रहा नंदी गौशाला*
बाबा रामदेवजी के भादवा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा बेसहारा एवं निराश्रित पशुओं को पकड़कर नंदी गौशाला पहुंचाया जा रहा है। मेले क्षेत्र में पशुओं के कारण यातायात एवं श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा को रोकने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।
*सात सूचना केंद्र भी बने श्रद्धालुओं के मददगार*
मेलार्थियों की सुविधा के लिए हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संपूर्ण मेला क्षेत्र में जिला प्रशासन की ओर से सात सूचना केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अत्यधिक भीड़भाड़ के दौरान परिजनों से बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने तथा आवश्यक सूचना एवं सहायता उपलब्ध कराने में ये सूचना केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मेले की अवधि के दौरान इन केंद्रों के माध्यम से श्रद्धालुओं को निरंतर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
📲Get App