🔥 TRENDING পুরুলিয়ার করমা গ্রামে চার প্রজন্মের ব... STIF Team Neutralises Five Drug Mafias... Kiran Raj Makes History: Wins 5th Best... India vs New Zealand: 1st ODI Live Str... नवादा में बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री पर... रबी सीजन से पहले किसानों को बीज-खाद की...
04 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

योगापट्टी के प्राथमिक विद्यालय में सिर पर कुर्सी ले जाते दिखे स्कूली बच्चे

✍️ Reporter: Amit kumar 🗓 04 Nov 2026, 03:11 PM 👁 10
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
योगापट्टी प्रखंड राजकीय प्राथमिक विद्यालय योगापट्टी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दर्जनों स्कूली बच्चे अपने सिर पर विद्यालय की कुर्सियां रखकर योगापट्टी-बेतिया-नवलपुर मुख्य सड़क से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को विद्यालय परिसर में विद्यालय शिक्षा समिति का चुनाव होना था। इसी की तैयारी के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापक सीमा कुमारी के निर्देश पर बच्चों से कुर्सियां ढुलवाने का आरोप लगाया जा रहा है। वायरल वीडियो में बच्चे एक-दूसरे के पीछे सिर पर कुर्सियां रखकर सड़क से जाते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विद्यालय के किसी शिक्षक के कहने पर बच्चों से यह काम कराया गया।

बाल अधिकारों और सुरक्षा की सरेआम अनदेखी
इस घटना ने विद्यालय प्रबंधन की जिम्मेदारी और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, उस उम्र में उनसे विद्यालय का सामान ढुलवाने का मामला सामने आना चिंताजनक है। मुख्य सड़क से कुर्सियां लेकर गुजरते बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।अब स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी भी विद्यालय में बच्चों से इस तरह का काम नहीं कराया जाए।
प्रधानाध्यापक सीमा कुमारी के फोन पर संपर्क किया गया लेकिन फोन बंद होने से उनका पक्ष नहीं लिखा जा सका। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी गीताजंली कुमारी ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी नहीं है अगर कोई शिकायत आती है तो जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
📲Get App