🔥 TRENDING Jharkhand: 8th official arrested in RI... Adani CFO Pushes Back on Kotak's Anthr... IRDAI Chief Ajay Seth Stresses Claims... Ross Taylor Praises MS Dhoni as Legend... Delhi Restaurant Association Wins Appe... Delhi ED Seeks Response to Engineer Ra...
19 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

दिवंगत पत्रकार महंत मोहनगिरी गोस्वामी की स्मृति में रक्तदान शिविर, 75 यूनिट रक्त संग्रहित

✍️ Reporter: Rahul Bairagi 🗓 19 Nov 2026, 08:26 PM 👁 28
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

एसडीएम प्रियंका मिमरोट ने स्वयं रक्तदान कर दिया जनसेवा का संदेश, महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर किया रक्तदान; स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों ने करवाई जांच

खबर कडोदकला से राहुल बैरागी की रिपोर्ट। यहां गुरुवार को दिवंगत पत्रकार एवं तहसील पत्रकार संघ बदनावर के संस्थापक अध्यक्ष महंत मोहनगिरी गोस्वामी की 9वीं पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब कड़ौदकलां द्वारा ग्राम कड़ौदकलां में रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 75 यूनिट रक्तदान हुआ, वहीं सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर शुगर, बीपी एवं ईसीजी की निःशुल्क जांच करवाई। शिविर की खास बात यह रही कि मुख्य अतिथि एसडीएम बदनावर प्रियंका मिमरोट ने स्वयं रक्तदान कर समाज को जनसेवा का संदेश दिया। उनके साथ कई महिलाओं ने भी रक्तदान में सहभागिता की।

मुख्य अतिथि एसडीएम प्रियंका मिमरोट ने कहा कि हम सभी समाज का हिस्सा हैं और ऐसे आयोजनों में सभी की सहभागिता जरूरी है। रक्तदान सबसे बड़ी जनसेवा है, जो जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की उम्मीद बनता है। महंत मोहनगिरी गोस्वामी की पुण्यतिथि पर प्रेस क्लब कड़ौदकलां का यह प्रयास सराहनीय है, जिसने उन्हें भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए तथा ऐसे शिविरों का लाभ लेना चाहिए। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता धार जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष पं. छोटू शास्त्री ने की। विशिष्ट अतिथि किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष नागदा राजेन्द्र बोकड़िया तथा विशेष अतिथि वरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तम शर्मा, जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ मध्यप्रदेश के धार जिला अध्यक्ष शंकरलाल मारू एवं तहसील पत्रकार संघ बदनावर अध्यक्ष गोवर्धन सिंह डोडिया मंचासीन रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती एवं स्व. मोहनगिरी गोस्वामी के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष राहुल बैरागी सहित क्लब सदस्यों ने मंचासीन अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन में गोवर्धन सिंह डोडिया ने महंत मोहनगिरी गोस्वामी के व्यक्तित्व एवं पत्रकारिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोस्वामी ने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

रक्तदाताओं का किया सम्मान

शिविर में जिला भोज चिकित्सालय रक्तकोष धार के डॉ. आई.पी. सोलंकी एवं जेटीपी सरदार पटेल हॉस्पिटल बदनावर के डॉ. महेश शर्मा, प्रियंका प्रजापति, जितेंद्र जाट, अस्पताल प्रबंधक शांतिलाल जाट सहित चिकित्सकीय टीम का विशेष सहयोग रहा। अतिथियों ने चिकित्सकीय टीम को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। वहीं रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पं. छोटू शास्त्री ने कहा कि महंत मोहनगिरी गोस्वामी की पत्रकारिता हमेशा दुखी और जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर खुशी लाने वाली रही। उनकी स्मृति में इस तरह का आयोजन होना गौरव की बात है। जीवन में रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि इससे हम दूसरों का जीवन बचाने में सहभागी बनते हैं। विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र बोकड़िया ने कहा कि कठिन दौर की पत्रकारिता के बीच मोहनगिरी जी ने ग्रामीण पत्रकारिता को हमेशा पहचान दिलाई। उनकी स्मृति में आयोजित यह शिविर जरूरतमंदों का जीवन संवारने का कार्य करेगा।

एसडीएम सहित महिलाओं ने भी किया रक्तदान

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं एसडीएम प्रियंका मिमरोट ने सबसे पहले रक्तचाप की जांच करवाई। इसके बाद रक्तदान परिसर का अवलोकन कर स्वयं रक्तदान किया। शिविर में एसडीएम सहित अनेक महिलाओं ने भी रक्तदान कर सामाजिक सहभागिता का परिचय दिया। पत्रकारों, ग्रामीणों, युवाओं और दिवंगत गोस्वामी के परिजनों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

आयोजन प्रारंभ होने से पूर्व अतिथियों ने महंत मोहनगिरी गोस्वामी की समाधि एवं वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम का संचालन अनवर मंसुरी ने किया तथा आभार दिनेश रघुवंशी ने माना। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष राहुल बैरागी, दिनेश रघुवंशी, जगदीश चौधरी, मनोहरसिंह चावड़ा, कृष्णा मारू, आदित्य धाकड़, खेमचंद जायसवाल, बंटी सिंह चौहान, सुरेंद्र डोड, अशोक सोलंकी, पंकज गुजराती, नरेंद्र जैन, शंकरलाल राठौड़, जितेंद्र भाटी, नयन लववंशी, अजय पाटीदार, विजय द्विवेदी, राहुल चौहान, कन्हैयालाल धाकड़ सहित क्लब सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
📲Get App