🔥 TRENDING एटा में दर्दनाक हादसा: श्राद्ध में शाम... Jessica Chastain Horror Film Opens Mod... Nani's 'Don't Trouble the Trouble' Net... Neem Karoli Baba Biopic Sees 60% Box O... Ziro Students Trained on Filing RTI Ap... Four Protesters Detained Preventively...
10 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

दशहरा से पहले प्रशासन अलर्ट: हाईटेंशन तारों से दूर लगेंगे मूर्ति पंडाल

✍️ Reporter: Sandeep Kumar 🗓 10 Oct 2026, 02:32 PM 👁 23
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

डीएम और एसपी ने सलेमपुर बाजार से नदावर घाट तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश

सलेमपुर (देवरिया)। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने सलेमपुर बाजार सहित नदावर घाट क्षेत्र का निरीक्षण कर मूर्ति पंडालों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने आयोजकों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि मूर्ति पंडालों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और डीजे की आवाज तय सीमा के भीतर हो। पंडालों में अश्लील गीतों और नृत्य पर रोक लगाने के साथ ही सभी आयोजकों को समय से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने लोगों से त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील भी की।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर मूर्ति पंडालों के ऊपर से हाईटेंशन बिजली के तार गुजरते पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित आयोजकों को पंडालों को तारों से सुरक्षित दूरी पर स्थापित करने और आवश्यकतानुसार पीछे हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने नदावर घाट स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए, ताकि दशहरा के बाद मूर्तियों का विसर्जन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। प्रशासन का उद्देश्य पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।

इस दौरान उप जिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह, प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, अवर अभियंता उमेश चंद, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव, सभासद प्रदीप यादव, शाहबाज आलम सहित नगर पंचायत के कर्मचारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
📲Get App