🔥 TRENDING શિહોરી પોલીસ સ્ટેશન દ્વારા નવરાત્રી દર... શિહોરી પોલીસ સ્ટેશન દ્વારા નવરાત્રી દર... दिल्ली पुलिस की बर्बरता: बुजुर्ग को बे... Murder Case Solved in Delhi's Kalindi... રાણપુરના મામલતદાર શ્રી કે.બી. ગોહિલનું... Security and Facilities Boosted for Ij...
15 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
दुर्गा पूजा: नवादा डीएम ने स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों को सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के दिए निर्देश
Local

दुर्गा पूजा: नवादा डीएम ने स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों को सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के दिए निर्देश

✍️ Reporter: Ramlakhan Kumar 🗓 15 Oct 2026, 06:20 PM 👁 9
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

नवादा की जिला पदाधिकारी ने दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों को महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन सहायता और विशेष समूहों की मदद पर जोर दिया।

नवादा, 15 अक्टूबर 2026। दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री रवि प्रकाश ने गुरुवार को खेल भवन में स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से प्रशासन के सहयोगी के रूप में पूरी तत्परता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा पंडालों एवं मेला स्थलों पर पहुंचते हैं, ऐसे में भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने निर्देश दिया कि स्वयंसेवक अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर सक्रिय रहकर श्रद्धालुओं की कतारबद्ध आवाजाही, प्रवेश एवं निकास की सुचारू व्यवस्था तथा निर्धारित मार्गों के पालन में सहयोग करें। भीड़ के बीच अनावश्यक रूप से रुकने, धक्का-मुक्की करने एवं प्रतिमा के समीप सेल्फी लेने जैसी गतिविधियों से बचने के लिए श्रद्धालुओं को विनम्रतापूर्वक जागरूक करें, ताकि भीड़ का दबाव नहीं बढ़े और किसी अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके। डीएम ने स्वयंसेवकों को पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता, पानी की व्यवस्था तथा प्राथमिक उपचार की सुविधाओं की जानकारी रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल संबंधित पदाधिकारी को सूचित करते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करें।

जिला पदाधिकारी ने पूजा पंडालों में विद्युत तारों एवं कनेक्शनों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया, यह सुनिश्चित करते हुए कि तार कटे-फटे या खुले न हों और उनके जोड़ सुरक्षित हों। उन्होंने पंडालों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं निगरानी व्यवस्था की जानकारी रखने पर भी जोर दिया। स्वयंसेवक श्रद्धालुओं के साथ सदैव विनम्र एवं सम्मानजनक व्यवहार करें और महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों की सहायता के प्रति विशेष संवेदनशीलता बरतें। प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करेंगे, जबकि स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवक जमीनी स्तर पर भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जिला पदाधिकारी ने सभी स्वयंसेवकों को अपने निर्धारित स्थानों पर सक्रिय रहने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया। उन्होंने स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों के जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवा से युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। दुर्गा पूजा के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनसुरक्षा एवं सुव्यवस्थित आयोजन में स्वयंसेवकों का योगदान महत्वपूर्ण रहेगा। इस अवसर पर गोपनीय शाखा प्रभारी श्री राजीव कुमार, अवर जिला अभियंत्रण पदाधिकारी श्री आनंद कुमार तथा स्काउट एवं गाइड के अध्यक्ष सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित थे।
📲Get App