🔥 TRENDING सुपौल में नौ दिन मां दुर्गा की आराधना... बड़वानी में भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ... Khordha Murder Case Cracked Within 48... Kanak News Odisha launches live 3 PM b... Youth shot dead during Durga immersion... निषाद पार्टी ने बीजेपी को आरक्षण पर अल...
21 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

दुल्हन की तरह सजा आदर्श मतदान केंद्र, गुब्बारे-रेड कारपेट और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण

✍️ Reporter: Rohitash Kumar 🗓 21 Oct 2026, 10:58 PM 👁 6
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
दुल्हन की तरह सजा आदर्श मतदान केंद्र, गुब्बारे-रेड कारपेट और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण
अलावड़ा। पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण के तहत गुरुवार को होने वाले मतदान को लेकर अलावड़ा के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए आदर्श मतदान केंद्र को दुल्हन की तरह सजाया गया है। गुब्बारों, रेड कारपेट, टेंट और सेल्फी पॉइंट से सजे मतदान केंद्र की खूबसूरती देखकर बुधवार को पहुंची पोलिंग पार्टियां भी तारीफ करती नजर आईं। यहां वार्ड 35 और पंचायत समिति के वार्ड 4 के लिए मतदान होगा।
बुधवार शाम चार बजे बाद मतदान दल केंद्र पर पहुंच गए। इसके साथ ही मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। मतदान केंद्र के मुख्य द्वार से लेकर बूथों तक आकर्षक सजावट की गई है। प्रवेश द्वार पर आदर्श मतदान केंद्र का बोर्ड लगाया गया है। फ्लेक्स पोस्टर और सेल्फी पॉइंट के जरिए मतदाताओं को लोकतंत्र के महापर्व में उत्साह के साथ भागीदारी का संदेश दिया जा रहा है।
पांच बूथों पर मतदान की व्यवस्था
विद्यालय परिसर में मतदान के लिए पांच बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए पीने के पानी, कागज के गिलास और कचरा डालने के लिए डस्टबिन रखे गए हैं। इसके अलावा पंखे और कूलर की व्यवस्था भी की गई है, ताकि मतदान के दौरान मतदाताओं को परेशानी नहीं हो।
दो दिन से व्यवस्थाओं में जुटे अधिकारी
जोनल मजिस्ट्रेट चुन्नीलाल पिछले दो दिनों से मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। वहीं, आरओ सुरेश धानियां ने पांचों बूथों के संबंध में संबंधित बीएलओ से जानकारी लेकर मतदान दलों के ठहरने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस दौरान बीएलओ चेतराम गुर्जर, हर्षित गेरा, इंद्र कुमार, आसीन खान, रविंद्र सिंह तथा ग्राम पंचायत के मनरेगा सचिव मुल्खराज मौजूद रहे।
वार्ड 35 और वार्ड 4 में होगा मतदान
पंचायतीराज चुनाव के प्रथम चरण में जिला परिषद के वार्ड 35 और पंचायत समिति के वार्ड 4 के लिए गुरुवार को मतदान होगा। आदर्श मतदान केंद्र पर की गई सजावट और सुविधाओं के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया है। प्रशासन की ओर से मतदाताओं से लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई है।
📲Get App