🔥 TRENDING *ब्लॉक स्तरीय शिविर में मृदा स्वास्थ्य... CNBC TV18 airs special on India’s $30... Abu Dhabi Chamber leads delegation to... Farooq Abdullah Says Kashmir and India... *पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियो... Visually Challenged Entrepreneur Srika...
29 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
दुग्धेश्वरनाथ शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
Religion

दुग्धेश्वरनाथ शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

✍️ Reporter: Ankit Raj 🗓 10 Aug 2026, 04:40 PM 👁 53
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

सावन की दूसरी सोमवारी पर पटना जिले के दुल्हिन बाजार स्थित प्रसिद्ध बाबा दूधेश्वरनाथ शिव मंदिर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई, जो दिन चढ़ने के साथ विशाल भीड़ में तब्दील हो गई। हजारों की संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचे और पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तिमय बना रहा।

सावन के पावन अवसर पर बाबा दूधेश्वरनाथ शिव मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मुख्य द्वार से लेकर मंदिर परिसर तक फूल-मालाओं और आधुनिक रंग-बिरंगी रोशनी से विशेष सजावट की गई है। वहीं, दुल्हिन बाजार चौराहे से मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग पर बनाए गए प्रवेश द्वार को भी भव्य तरीके से सजाया गया है। मंदिर की साज-सज्जा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

बाबा दूधेश्वरनाथ शिव मंदिर जीर्णोद्धार कमेटी सह बाल मंडली के सौजन्य से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर सहित बाजार के भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए खुफिया कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर प्रशासन की ओर से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

मंदिर के पुजारी रंजीत मिश्रा और शैलेंद्र मिश्रा ने बताया कि बाबा दूधेश्वरनाथ की महिमा अपरंपार है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचकर श्रद्धा और विश्वास के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। भक्तों का मानना है कि सच्चे मन से बाबा से मांगी गई मन्नत अवश्य पूरी होती है। मनोकामना पूर्ण होने के बाद श्रद्धालु मंदिर परिसर में मन्नत सिद्धि की घंटियां बांधते हैं और मंदिर निर्माण एवं विकास कार्यों में आर्थिक सहयोग भी करते हैं। मंदिर के शिलापट्ट पर ऐसे अनगिनत श्रद्धालुओं के नाम दर्ज हैं, जिनकी आस्था बाबा से जुड़ी हुई है।

मंदिर समिति के सचिव श्री हरिकांत उपाध्याय ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सावन की सोमवारी पर अपेक्षाकृत अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए समिति की ओर से पहले से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बाबा के दर्शन और जलाभिषेक के दौरान किसी भक्त को परेशानी न हो।

सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा दूधेश्वरनाथ के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र की गहरी धार्मिक आस्था और शिवभक्ति को जीवंत कर दिया।
📲Get App