🔥 ट्रेंडिंग करौली में पंचायती राज आम चुनाव‑2026 के... सात महीने से वेतन नहीं मिलने पर सिटिजन... पटनाला: पंजाब में दिन का तापमान 1.5°C... पटियाला: 316 गांवों में स्वच्छ पेयजल प... मुजफरपुर पी एन जी गैस पाइप लाइन मेंब्ल... इंदौर के तीन स्कूलों को दिलजीत दोसांझ...
02 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

तृतीय चरण में आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में 3 नवम्बर को होगा मतदान जिला परिषद के 24 एवं पंचायत समिति के 142 वार्डों में होंगे चुनाव

✍️ रिपोर्टर: Suraj Poswal 🗓 02 नव. 2026, 05:52 PM 👁 13
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
_पंचायत आम चुनाव-2026_

तृतीय चरण में आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में 3 नवम्बर को होगा मतदान
जिला परिषद के 24 एवं पंचायत समिति के 142 वार्डों में होंगे चुनाव


* 655698 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग
* मतदान का समय सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक
* अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल जिला मुख्यालय से मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए

दौसा, 2 नवम्बर। पंचायत आम चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में तृतीय चरण में दौसा, लालसोट, लवाण, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा, सिकंदरा एवं सिकराय पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद के 24 एवं पंचायत समिति के 142 वार्डों में 3 नवम्बर को चुनाव होगा। मतदान सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक ईवीएम से होगा। मतदान दल जिला मुख्यालय से सोमवार को अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि तृतीय चरण में 3 नवम्बर को दौसा पंचायत समिति के 21 वार्डों में 56543 पुरुष एवं 51722 महिलाओं सहित कुल 108265 मतदाता, लालसोट के 19 वार्डों में 51924 पुरुष एवं 46417 महिलाओं सहित कुल 98341 मतदाता, लवाण के 15 वार्डों में 20583 पुरुष एवं 18834 महिलाओं सहित कुल 39417 मतदाता तथा नांगल राजावतान के 17 वार्डों में 43870 पुरुष एवं 39101 महिलाओं सहित कुल 82971 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार रामगढ़ पचवारा के 17 वार्डों में 44374 पुरुष एवं 39871 महिलाओं सहित कुल 84245 मतदाता, शिवसिंहपुरा के 15 वार्डों में 25910 पुरुष एवं 23332 महिलाओं सहित कुल 49242 मतदाता, सिकंदरा के 19 वार्डों में 49508 पुरुष एवं 45423 महिलाओं सहित कुल 94931 मतदाता, सिकराय के 19 वार्डों में 51630 पुरुष एवं 46656 महिलाओं सहित कुल 98286 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। साथ ही इस दौरान जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 23 तक तथा वार्ड संख्या 37 के लिए मतदान होगा। इस प्रकार इन आठ पंचायत समिति के 142 वार्डों तथा जिला परिषद के 24 वार्डों में 6 लाख 55 हजार 698 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 344342 पुरुष एवं 311356 महिला मतदाता शामिल हैं।

*5 नवम्बर को होगा सरपंच एवं वार्ड पंच के चुनाव*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तृतीय चरण में दौसा, लालसोट, लवाण, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा, सिकंदरा एवं सिकराय पंचायत समिति क्षेत्रों में 221 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा 2107 वार्डों में पंच का चुनाव होगा। मतदान सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतपत्रों के माध्यम से होगा। उन्होंने बताया कि दौसा की 37 ग्राम पंचायत एवं 347 वार्ड, लालसोट की 30 ग्राम पंचायत एवं 318 वार्ड, लवाण की 16 ग्राम पंचायत एवं 130 वार्ड, नांगल राजावतान की 28 ग्राम पंचायत एवं 266 वार्ड, रामगढ पचवारा की 34 ग्राम पंचायत एवं 282 वार्ड, शिवसिंहपुरा की 19 ग्राम पंचायत एवं 161 वार्ड, सिकंदरा की 30 ग्राम पंचायत एवं 300 वार्ड तथा सिकराय की 27 ग्राम पंचायत एवं 303 वार्ड में चुनाव होगा।

*मतदाता फोटो पहचान पत्र अथवा वैकल्पिक दस्तावेज से कर सकेंगे मतदान*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के समय प्रत्येक मतदाता को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता EPIC प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेगा। इनमें आधार कार्ड, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)/नरेगा कार्ड, बैंक अथवा डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सरकारी/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों को जारी पहचान पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड शामिल हैं। पहचान के लिए प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेज की वैधता अवधि समाप्त नहीं हुई होनी चाहिए।

*जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लिया मतदान दल रवानगी व्यवस्थाओं का जायजा*
पंचायत आम चुनाव-2026 के तृतीय चरण के तहत होने वाले चुनाव के लिए मतदान दल सोमवार को यहां पंडित नवल किशोर शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अंतिम प्रशिक्षण के बाद आवश्यक निर्वाचन सामग्री लेकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा तथा पुलिस अधीक्षक कुंदन कंवरिया ने यहां पहुंचकर मतदान दलों की रवानगी एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उप जिला निर्चाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर अरविंद शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर लालसोट मनमोहन मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बिरदीचंद गंगवाल, नगर विकास न्यास सचिव गंगाधर मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौसा शंकरलाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद सीपा सहित संबंधित पंचायत समितियों के रिटर्निंग अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

*जिला निर्वाचन अधिकारी ने की मतदाताओं से अपील*
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता मतदान के लिए घर से निकलते समय अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र अथवा आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक मूल पहचान दस्तावेज अपने साथ अवश्य लेकर आएं।

*इन नंबर पर कर सकते हैं निर्वाचन पर्यवेक्षक से संपर्क*
पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ के प्रभारी मेघराज मीणा ने बताया कि आमजन निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार के परिवाद अथवा शिकायत के लिए निर्वाचन पर्यवेक्षक गोपाल राम बिरदा से दूरभाष नंबर 01427-294238 एवं मोबाइल नंबर 7014021914 पर संपर्क कर सकते हैं।
................
📲Get App