🔥 TRENDING 🚨 कानपुर देहात से बड़ी खबर 🚨 डेरापु... झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका... குமரி மாவட்ட சோதனை சாவடிகளில் எஸ்பி ஆய... વેરાવળ સ્ટેશન પર RPFની સતર્કતા: મુસાફર... કેશોદમાં ટ્રાફિકને અડચણરૂપ રિક્ષા ચાલક... Election Commissioners deem Form 6 ame...
24 Sep 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

शराब दुकान पर बोला धावा, लाठी-पत्थरों से तोड़ी पेटियां

✍️ Reporter: Arvind Sen 🗓 24 Sep 2026, 10:08 AM 👁 25
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
शराब दुकान पर बोला धावा, लाठी-पत्थरों से तोड़ी पेटियां
चंदेरी/अशोकनगर। शराब की लत से उजड़ते परिवारों और राह चलती बेटियों पर होने वाली छींटाकशी से परेशान महिलाओं का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। चुरारी तिराहे पर चुरारी और गोराकला गांव की 100 से अधिक महिलाओं ने लाइसेंसी शराब दुकान पर धावा बोल दिया। महिलाओं ने लाठी-डंडों और पत्थरों से दुकान के ताले तोड़ दिए और अंदर रखी शराब की पेटियां सड़क पर फेंककर उन्हें तोड़ दिया।
करीब 40 मिनट तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क के लगभग 300 फीट हिस्से में कांच के टुकड़े और बीयर-शराब फैल गई। महिलाओं ने दुकान में लगे 3-4 सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़कर फोड़ दिए। घटना के बाद काफी देर तक पूरे इलाके में शराब की दुर्गंध बनी रही।
चुरारी और गोराकला की दर्जनों महिलाएं चुरारी तिराहे पर एकत्र हुईं। देखते ही देखते महिलाओं का आक्रोश बढ़ गया। उन्होंने शराब दुकान के ताले तोड़कर अंदर रखी क्वार्टर की बोतलें और बीयर के डिब्बे निकालकर सड़क पर पटक दिए। महिलाओं का कहना था कि वे लंबे समय से गांव के पास संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग कर रही थीं, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्होंने खुद मोर्चा संभाला।
सूचना मिलने पर चंदेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद दुकान का ताला तोड़ने को लेकर महिलाओं से सवाल किया, जिस पर महिलाओं ने साफ कहा कि वे अपने गांव के पास यह दुकान संचालित नहीं होने देंगी।
दुकान से करीब 1.60 लाख रुपए के नुकसान का दावा
शराब ठेकेदार के कर्मचारियों ने दुकान की संपत्ति और शराब को हुए नुकसान का करीब 1.60 लाख रुपए का दावा किया है। कर्मचारियों की शिकायत के आधार पर पुलिस महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई में जुटी है।
बेटियों की सुरक्षा और पारिवारिक कलह भी प्रमुख कारण
महिलाओं का कहना है कि चुरारी तिराहे से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर हाईस्कूल है। चुरारी और गोराकला की लड़कियां पैदल या साइकिल से इसी रास्ते से स्कूल जाती हैं। शराब दुकान के कारण यहां दिनभर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता था और छात्राओं पर छींटाकशी की शिकायतें भी थीं।
महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि शराब की वजह से कई परिवारों में आर्थिक तंगी, विवाद और मारपीट बढ़ रही थी। उनका कहना है कि शराब दुकान बंद होने से पुरुषों को शराब आसानी से उपलब्ध नहीं होगी और परिवारों में होने वाले विवादों में कमी आ सकती है।
चुरारी तिराहा चंदेरी, शिवपुरी और ललितपुर को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग पर स्थित है। महिलाओं के मुताबिक, लंबे समय से मांग के बावजूद प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
📲Get App