🔥 TRENDING DRI Seizes Amphetamine Worth ₹2.40 Cro... Students Forced to Wait Until 8 PM for... মহা সাড়ম্বরে উদযাপিত ছট উৎসব: আস্থা ও... Tripura BJP chief says five-year devel... Tripura CM warns opposition of mislead... Satellite‑tagged Vulture Travels 600 k...
17 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Religion

श्री कृष्ण गोसेवा सुंदरकांड मंडल की अनूठी पहल, बीमार एवं घायल गोवंश के लिए शुरू की एम्बुलेंस सेवा

✍️ Reporter: Yash karyani 🗓 17 Nov 2026, 10:35 PM 👁 21
Watch on: 📘 Facebook
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
गोपाष्टमी पर गोसेवा की अनूठी पहल, बीमार और घायल गोवंश के लिए शुरू हुई विशेष एम्बुलेंस सेवा

20 से 25 किलोमीटर के दायरे में मिलेगी त्वरित उपचार सुविधा, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचेगी एम्बुलेंस

हनुमानगढ़। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गोसेवा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल करते हुए बीमार एवं घायल गोवंश के लिए विशेष एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की गई। श्री कृष्ण गोसेवा सुंदरकांड मंडल की ओर से संचालित श्री कृष्ण गोसेवा आश्रम को एम्बुलेंस उपलब्ध करवाई गई, जिसे विधिवत रूप से गोसेवा के लिए रवाना किया गया। इस पहल से अब शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में सड़क पर घायल अवस्था में मिलने वाले गोवंश और बीमार गोमाता एवं नंदियों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

इस विशेष एम्बुलेंस के माध्यम से आश्रम की ओर से लगभग 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी। कहीं भी बीमार या घायल गोवंश की सूचना मिलने पर एम्बुलेंस टीम तत्काल मौके पर पहुंचेगी और आवश्यकता के अनुसार प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाएगी। यदि गोवंश को बेहतर उपचार की आवश्यकता होगी तो उसे एम्बुलेंस के माध्यम से श्री कृष्ण गोसेवा आश्रम पहुंचाया जाएगा, जहां पशु चिकित्सक की देखरेख में उपचार की व्यवस्था है।

श्री कृष्ण गोसेवा सुंदरकांड मंडल के सुरेन्द्र यादव ने बताया कि यह एम्बुलेंस सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं से प्राप्त होने वाली राशि से खरीदी गई है। एम्बुलेंस की खरीद में बालाजी सेवा दल सुंदरकांड मंडल की ओर से भी महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर या आसपास कहीं भी बीमार अथवा घायल गोमाता और नंदी दिखाई देने पर टोल फ्री नंबर पर सूचना दी जा सकती है। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस टीम सहायता के लिए रवाना होगी।

उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण गोसेवा आश्रम पिछले करीब तीन-चार वर्षों से निरंतर गोसेवा के कार्य में जुटा हुआ है। इससे पहले भी मंडल की ओर से कई गोशालाओं का संचालन किया जा चुका है। सुंदरकांड पाठ के माध्यम से एकत्रित होने वाली राशि को गोसेवा एवं जरूरतमंद गोवंश के उपचार जैसे सेवा कार्यों में लगाया जाता है।

वर्तमान में आश्रम की गोशाला में करीब 300 गोवंश आश्रय लिए हुए हैं, जिनमें नंदियों की संख्या अधिक है। इनमें से अधिकांश गोवंश बीमार, घायल अथवा असहाय अवस्था में आश्रम तक पहुंचाए गए हैं। अब एम्बुलेंस सेवा शुरू होने से ऐसे गोवंश को उपचार के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा और समय रहते उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाने में बड़ी मदद मिलेगी।

गोपाष्टमी के अवसर पर शुरू की गई यह सेवा केवल एक एम्बुलेंस की शुरुआत नहीं, बल्कि बेसहारा और पीड़ित गोवंश के प्रति समाज की संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना का प्रेरणादायक उदाहरण है।
📲Get App