Defence
स्वतंत्रता दिवस से पहले ललितपुर रेलवे स्टेशन पर हाई अलर्ट, सघन चेकिंग अभियान
ललितपुर जंक्शन पर RPF-जीआरपी समेत सुरक्षा बलों ने चलाया सघन चेकिंग अभियान
ललितपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में ललितपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बलों ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ/क्राइम विंग, जीआरपी, बम डिस्पोजल टीम एवं डॉग स्क्वॉड ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया सहित विभिन्न स्थानों पर गहन जांच की। टीमों ने यात्रियों के सामान और स्टेशन परिसर में मौजूद संदिग्ध वस्तुओं की भी बारीकी से जांच की। चेकिंग अभियान के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा असामान्य गतिविधि नहीं मिली। सुरक्षा बलों ने यात्रियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना सुरक्षा कर्मियों को देने की अपील की। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित एवं निर्भीक माहौल उपलब्ध कराया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।