🔥 ट्रेंडिंग बाड़मेर जिला चुनाव में कांग्रेस का दबद... केरल धनालेक्स्मी DL-77 लॉटरी परिणाम 25... आरएलपी के पंचाराम बने नागौर जिला परिषद... ಯಲಗಟ್ಟಾ ಗ್ರಾಮದಲ್ಲಿ ಕುಡಿಯುವ ನೀರಿಗಾಗಿ ಪರ... केरल के यात्री ने इन्डीगो उड़ान में सह... तेलंगाना इंटर प्रैक्टिकल 2027: विषय जं...
25 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
स्वास्थ्य

रामदेव ब्रांड लाल मिर्च पाउडर की मिसब्रांडिंग पर 3 लाख रुपए जुर्माना

✍️ रिपोर्टर: Yash karyani 🗓 25 नव. 2026, 09:14 PM 👁 25
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
रामदेव ब्रांड लाल मिर्च पाउडर की मिसब्रांडिंग पर 3 लाख रुपए जुर्माना

खाद्य सुरक्षा मामले में एडीएम न्यायालय का निर्णय, विक्रेता पर 40 हजार, वितरक पर 60 हजार और निर्माता कंपनी पर 2 लाख रुपए का जुर्माना

हनुमानगढ़, 24 नवंबर। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं पैकेजिंग संबंधी नियमों के उल्लंघन के मामले में न्याय निर्णयन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्री उम्मेदी लाल मीना ने महत्वपूर्ण निर्णय सुनाते हुए तीन पक्षों पर कुल 3 लाख रुपए की शास्ति अधिरोपित की है। मामला रामदेव ब्रांड के लाल मिर्च पाउडर (रेड चिली पाउडर) की मिसब्रांडिंग से संबंधित है। न्यायालय ने विक्रेता पर 40 हजार रुपए, वितरक पर 60 हजार रुपए तथा निर्माता कंपनी पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत परिवाद प्रस्तुत किया गया था। परिवाद के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने हनुमानगढ़ टाउन स्थित मैसर्स फतेगढ़िया मार्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान पर बिक्री के लिए रखे रामदेव ब्रांड लाल मिर्च पाउडर का संदेह के आधार पर नमूना लिया गया। खाद्य विश्लेषक, जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला बीकानेर की जांच रिपोर्ट में नमूना मिसब्रांडेड पाया गया। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित विक्रेता, वितरक एवं निर्माता कंपनी के विरुद्ध न्याय निर्णयन की कार्रवाई प्रारंभ की।

निर्माता कंपनी ने पूर्व मुद्रित पैकेजिंग सामग्री के उपयोग की अनुमति का दिया था तर्क

सुनवाई के दौरान विक्रेता ने अपने जवाब में कहा कि उसने संबंधित खाद्य सामग्री हनुमानगढ़ की रामदेव एजेंसी से खरीदी थी तथा उसमें किसी प्रकार की मिलावट नहीं की थी। वितरक ने भी संबंधित कंपनी से उत्पाद खरीदकर आगे विक्रय करने की बात कही।

वहीं निर्माता कंपनी मैसर्स रामदेव फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद की ओर से प्रस्तुत जवाब में कहा गया कि उत्पाद की पैकेजिंग पर लेबलिंग संबंधी नियमों में बदलाव के कारण पूर्व मुद्रित पैकेजिंग सामग्री के उपयोग के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से अनुमति प्राप्त की गई थी।

न्यायालय ने पत्रावली में उपलब्ध साक्ष्यों एवं दस्तावेजों का अवलोकन करते हुए पाया कि संबंधित खाद्य सामग्री 23 सितंबर 2022 को पैक की गई थी तथा उसका नमूना 17 फरवरी 2023 को लिया गया था। निर्माता कंपनी द्वारा नमूना लेने से पूर्व पूर्व मुद्रित पैकेजिंग सामग्री के उपयोग की अनुमति प्राप्त करने का कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। कंपनी द्वारा इस संबंध में 3 मई, 2023 को आवेदन किया गया तथा 22 मई, 2023 को अनुमति प्राप्त की गई, जो नमूना संग्रहण की तिथि के बाद की थी।

तीनों पक्षों पर अलग-अलग शास्ति अधिरोपित

न्याय निर्णयन अधिकारी ने उपलब्ध लैब रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 52 के तहत तीनों पक्षों को मिसब्रांडिंग के लिए उत्तरदायी मानते हुए शास्ति अधिरोपित की।

इसके तहत मैसर्स फतेगढ़िया मार्ट के मालिक एवं विक्रेता रिशान्त पर 40 हजार रुपए, वितरक सुनील कुमार प्रेमजानी पर 60 हजार रुपए तथा निर्माता कंपनी मैसर्स रामदेव फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इस प्रकार कुल 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
______
📲Get App