🔥 TRENDING Rajasthan Govt Launches Award Scheme f... Rajasthan Government to Hold Grand Eve... Rajasthan Mahila Supervisor 2026 Exam... Tamil Nadu CM Vijay Urges PM to Set Up... Kauvery Hospital Achieves First Cadave... MP AYUSH Counselling 2026 Round 3 Resu...
04 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से पेट्रोल पंप पर संभावित बड़ा हादसा टला टेंपो में लगी भीषण आग को पुलिस ने साहस दिखाते हुए पेट्रोल पंप से दूर किया, पुलिसकर्मी का हाथ झुलसा

✍️ Reporter: Suraj Poswal 🗓 04 Nov 2026, 06:34 PM 👁 10
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से पेट्रोल पंप पर संभावित बड़ा हादसा टला

टेंपो में लगी भीषण आग को पुलिस ने साहस दिखाते हुए पेट्रोल पंप से दूर किया, पुलिसकर्मी का हाथ झुलसा

लालसोट। पुलिस की तत्परता एवं सूझबूझ से लालसोट स्थित एक पेट्रोल पंप पर संभावित बड़ा हादसा टल गया। टेंपो में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर साहस और समझदारी का परिचय दिया। पुलिस ने आग से धधक रहे टेंपो को धक्का देकर पेट्रोल पंप से दूर सड़क किनारे पहुंचाया तथा सीएनजी सिलेंडरों से भरे पास खड़े वाहन को भी सुरक्षित दूरी पर करवाया।

जिला पुलिस अधीक्षक दौसा कुंदन कंवरिया आईपीएस के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लालसोट विनोद कुमार सीपा आरपीएस एवं वृत्ताधिकारी लालसोट सत्यनारायण यादव आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में तथा थाना प्रभारी हरलाल मीना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सराहनीय कार्रवाई की।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 नवंबर 2026 को सुबह करीब 8:30 बजे अभय कमांड 112 के माध्यम से सूचना मिली कि लालसोट स्थित शर्मा पेट्रोल पंप पर एक टेंपो में आग लग गई है। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार (नंबर 108), चालक रणवीर सिंह तथा कांस्टेबल सांवरराम और लहरीलाल तत्काल मौके पर पहुंचे और अग्निशमन दल को भी सूचना दी।

मौके पर टेंपो संख्या RJ29GB3737 की केबिन में भीषण आग लगी हुई थी। वहीं पास में सीएनजी सिलेंडरों से भरा एक अन्य वाहन खड़ा होने के कारण बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों एवं आमजन की मदद से आग से धधक रहे टेंपो को धक्का देकर पेट्रोल पंप से दूर सड़क किनारे पहुंचाया। साथ ही मौके पर एकत्रित भीड़ को हटाकर रास्ता खाली करवाया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी नहीं हो।

आग बुझाने के प्रयास के दौरान हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार का दाहिना हाथ झुलस गया। इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ और साहस के साथ स्थिति को संभालते हुए संभावित बड़े हादसे को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस की इस त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई से पेट्रोल पंप और आसपास मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली। पुलिस टीम के साहसिक कार्य की सराहना की जा रही है तथा टीम को पुरस्कृत किए जाने की बात कही गई है।आग पर पूरी तरह पाया काबू, बड़ा हादसा टला

अग्निशमन दल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर संयुक्त प्रयासों से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस टीम में शामिल जवान

* श्री हरलाल मीना, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, पुलिस थाना लालसोट, जिला दौसा।

* श्री शैलेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल नंबर 108, पुलिस थाना लालसोट।

* श्री लहरीलाल, कांस्टेबल नंबर 958, पुलिस थाना लालसोट।

* श्री सांवरमल, कांस्टेबल नंबर 1181, पुलिस थाना लालसोट।

* श्री रणवीर सिंह, चालक कांस्टेबल नंबर 423, पुलिस थाना लालसोट।

नोट: प्रकरण का अनुसंधान श्री भरतलाल मीना, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी, पुलिस थाना रामगढ़ पचवारा, जिला दौसा को सौंपा गया है। उनके द्वारा प्रकरण में विधि अनुसार अनुसंधान जारी है।

मीडिया प्रकोष्ठ जिला दौसा
📲Get App