स्थानीय
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस लाइन उरई में शुक्रवार परेड की ली सलामी, किया निरीक्षण
अर्दली रूम में पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर एसपी ने दिखाई गंभीरता, अधिकारियों को शीघ्र समाधान के दिए निर्देश।
उरई (जालौन)। पुलिस अधीक्षक जनपद जालौन सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस लाइन उरई में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ग्रहण कर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के अनुशासन, वर्दी एवं साज-सज्जा (टर्नआउट) के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की शारीरिक और मानसिक फिटनेस का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सदैव सतर्क एवं अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, क्वार्टर गार्ड, बैरकों, कैंटीन एवं पुलिस मेस का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेस में पुलिसकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा पुलिस लाइन परिसर में शत-प्रतिशत स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित अर्दली रूम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी लाइन/सदर (उरई) राजेश कमल सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।