🔥 ट्रेंडिंग एफबीआई ने गोल्डी ब्रर को 10 सबसे वांछि... यूएस ने भारतीय विशेष दवाओं और घटकों पर... आईएमडी ने बताया दिल्ली में बारिश, बाद... इंडिया ने शेख़बाज़ शरिफ़ के यूएनजीए बय... सप्ताहांत कार्य के बाद भारतीय बैंकों न... वायरल वीडियो में व्हीलचेयर उपयोगकर्ता...
29 सित. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

*पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

✍️ रिपोर्टर: Rajendra Kumar sen 🗓 29 सित. 2026, 05:58 AM 👁 20
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*पंचायती राज आम चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित*

*चुनाव प्रकोष्ठों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश - उप जिला निर्वाचन अधिकारी*

जैसलमेर, 28 सितम्बर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम परसाराम सैनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में चुनाव से जुड़े विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारियों ने भाग लिया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी सैनी ने कहा कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। सभी प्रकोष्ठ प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता एवं पूर्ण जिम्मेदारी के साथ निभाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य संपादित करें। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर उनकी अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

उन्होंने आगमी पंचायती राज आम चुनाव से संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए प्रकोष्ठवार अब तक की गई तैयारियों एवं आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य में समयबद्धता एवं आपसी समन्वय बनाए रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं बरती जाए।

*प्रकोष्ठवार तैयारियों की समीक्षा*

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की भी बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन से संबंधित दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करते हुए प्रत्येक स्तर पर आवश्यक तैयारियां पूर्ण रखें।

उन्होंने यातायात प्रकोष्ठ को निर्वाचन कार्य के लिए आवश्यक वाहनों का समय पर आकलन कर अधिग्रहण की कार्यवाही निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर उनके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में निर्वाचन शाखा, न्याय एवं कानून, शिकायत निवारण एवं आदर्श आचार संहिता, मतदान दल एवं मतगणना दल, यातायात, सामान्य व्यवस्था, चुनाव पर्यवेक्षक व्यवस्था, नियंत्रण कक्ष, ईवीएम तैयारी, लेखा, रूट चार्ट, प्रशिक्षण, मतपत्र, भुगतान दल, निर्वाचन लेखा, डाक मतपत्र, चुनाव भंडार, सांख्यिकी, चिकित्सा, तामील, मीडिया, सूचना प्रौद्योगिकी, वीडियोग्राफी, स्ट्रांग रूम एवं निर्वाचन प्रसार सहित विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं निर्धारित समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश सांखला, आयुक्त नगर परिषद पवन कुमार, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, जिला परिवहन अधिकारी टीकूराम, सहायक निदेशक लोक सूचना सत्य प्रकाश खत्री सहित संबंधित प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सह प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
📲Get App