🔥 ट्रेंडिंग 500 ਨਕਲੀ ਨੋਟਾਂ ਦੀ ਕਾਲਾ ਕਾਰੋਬਾਰ ਵਿੱਚ 4... મહુધા ધારાસભ્ય સંજયસિંહ મહિડા દ્વારા મ... Headlines સશક્ત આરોગ્ય તંત્ર – સ્વસ્થ ગુજરાતની દ... ਪੰਜਾਬ ਦੀ ਸਿਆਸਤ 'ਚ ਵੱਡਾ ਧਮਾਕਾ, ਪ੍ਰੋ. ਚੰ... जयपुर के झोटवाड़ा पुलिया के पास सड़क द...
04 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

पंचायत आम चुनाव 2026

✍️ रिपोर्टर: Naresh Kumar Bairwa 🗓 04 नव. 2026, 08:01 PM 👁 18
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
_पंचायत आम चुनाव-2026_

*आठ पंचायत समितियों की 221 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान 5 नवम्बर को होगा*

* मतदान सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतपत्र के माध्यम से होगा

दौसा, 4 नवम्बर। पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में तृतीय चरण में आठ पंचायत समितियों की 221 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा वार्ड पंच के पदों के लिए मतदान 5 नवम्बर को सुबह 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतपत्र के माध्यम से होगा। नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया बुधवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने बताया कि तृतीय चरण में दौसा, लालसोट, लवाण, नांगल राजावतान, रामगढ़ पचवारा, शिवसिंहपुरा, सिकन्दरा तथा सिकराय पंचायत समिति क्षेत्रों में 221 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा वार्ड पंच के पदों के लिए मतदान होगा। मतदान प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक मतपत्रों के माध्यम से कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दौसा पंचायत समिति की 37 ग्राम पंचायतों, लालसोट की 30, लवाण की 16, नांगल राजावतान की 28, रामगढ़ पचवारा की 34, शिवसिंहपुरा की 19, सिकन्दरा की 30 तथा सिकराय की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच-पंच के लिए चुनाव होगा।

*मतदाता फोटो पहचान पत्र अथवा वैकल्पिक दस्तावेज से कर सकेंगे मतदान*
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के समय प्रत्येक मतदाता को अपनी पहचान स्थापित करने के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) प्रस्तुत करना होगा। यदि कोई मतदाता EPIC प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक फोटो पहचान दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान कर सकेगा। इनमें आधार कार्ड, विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)/मनरेगा कार्ड, बैंक अथवा डाकघर की फोटोयुक्त पासबुक, स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड/आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सरकारी/पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा जारी सेवा पहचान पत्र, सांसदों/विधायकों को जारी पहचान पत्र तथा यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड शामिल हैं। पहचान के लिए प्रस्तत किए जाने वाले दस्तावेज की वैधता अवधि समाप्त नहीं हुई होनी चाहिए।

*मताधिकार का प्रयोग करने की अपील*
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सौम्या झा ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता मतदान के लिए घर से निकलते समय अपना मतदाता फोटो पहचान पत्र अथवा आयोग द्वारा निर्धारित 11 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक मूल पहचान दस्तावेज अपने साथ अवश्य लेकर आएं।

*इन नंबरों पर कर सकते हैं निर्वाचन पर्यवेक्षक से संपर्क*
पर्यवेक्षक प्रकोष्ठ के प्रभारी मेघराज मीणा ने बताया कि आमजन निर्वाचन संबंधी किसी भी प्रकार के परिवाद अथवा शिकायत के लिए निर्वाचन पर्यवेक्षक गोपाल राम बिरदा से दूरभाष नंबर 01427-294238 एवं मोबाइल नंबर 7014021914 पर संपर्क कर सकते हैं।
📲Get App