धर्म
नवरात्रि पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक जालौन ने उरई में किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ किया फ्लैग मार्च, आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
उरई, जालौन। नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन ने पुलिस बल के साथ उरई नगर क्षेत्र में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने तथा असामाजिक तत्वों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया गया। पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने पर जोर दिया गया। साथ ही आमजन से त्योहार को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।