🔥 TRENDING ભારે વરસાદમાં પણ ફરજ નિભાવતાં સેવાભાવી... Imran Khan Receives Jail Medical Check... Yogi Adityanath Criticizes Hamid Ansar... Kanak News Odisha Airs 2PM Weather Upd... ઘમ ગुજરાત સરકાર દ્વારા સપ્ટેમ્બર 30 પછી ત...
20 Sep 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Defence

मिशन शक्ति के तहत ग्राम कैलोर में जन चौपाल, महिलाओं व बालिकाओं को किया जागरूक

✍️ Reporter: Pankaj Gupta 🗓 20 Sep 2026, 09:08 PM 👁 9
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों की दी जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

उरई/जालौन। पुलिस अधीक्षक जालौन की अध्यक्षता में ग्राम कैलोर में मिशन शक्ति के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान बालिकाओं, महिलाओं और ग्रामीणों को महिला सशक्तिकरण, यातायात नियमों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जालौन ने स्कूल की बालिकाओं एवं महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जालौन पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थान अथवा कार्यस्थल पर किसी प्रकार की परेशानी होने पर महिलाएं 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 108 एंबुलेंस, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों का एक बड़ा कारण अशिक्षा है। इसलिए बेटियों को शिक्षित करने के साथ उनमें नेतृत्व की भावना विकसित करना जरूरी है, ताकि वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनकर आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बन सकें। साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी जन चौपाल के दौरान साइबर सेल टीम जालौन ने ग्रामीणों को वर्तमान समय में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। टीम ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया, गेमिंग एप्लीकेशन, फर्जी लिंक और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ग्रामीणों को सलाह दी गई कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज, ओटीपी अथवा फाइल को बिना सत्यापन के न खोलें। व्यक्तिगत फोटो, मोबाइल नंबर, पता, बैंक संबंधी जानकारी एवं अन्य निजी सूचनाएं सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने, साइबर अपराध से बचने तथा संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी पूनम यादव ने कहा कि यदि किसी बालिका या महिला के साथ किसी प्रकार का अपराध होता है तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए। परिजनों को जानकारी देने के साथ तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए, जिससे संबंधित आरोपी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। यातायात नियमों के पालन की अपील यातायात प्रभारी वीर बहादुर ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अम्बुज सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली माधौगढ़ विनोद कुमार मिश्रा, प्रभारी मिशन शक्ति उ0नि0 पूनम यादव, प्रभारी यातायात उ0नि0 वीर बहादुर, साइबर सेल टीम के सदस्य, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बालिकाएं एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें संवेदनशील विषयों पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित करना तथा सुरक्षित एवं सशक्त वातावरण का निर्माण करना रहा।

“जालौन पुलिस का मिशन शक्ति अभियान लगातार जारी है।”

“जालौन पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वावलंबन हेतु 24×7 प्रतिबद्ध है।”
📲Get App