🔥 TRENDING Delhi Police Confirm Viral Groping Vid... Delhi CM Explains New Pollution Contro... Delhi to Experience Light Showers; Hea... Haryana Extends School Affiliation Dea... Masked intruder slashes teen girl's th... Haryana Open School Announces October...
06 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

मैनपुरी के प्राइवेट अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मृत्यु, परिजनों ने लगाई लापरवाही की ज़िम्मेदारी

✍️ Reporter: शैलेष गुप्ता महाजन 🗓 06 Oct 2026, 12:20 PM 👁 19
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र स्थित मां अंजनी हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान 24 वर्षीय महिला और उसकी नवजात बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही और अस्पताल बंद करके भागने का आरोप लगाया है।

जनपद मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में घिरोर रोड स्थित मां अंजनी हॉस्पिटल में बुधवार रात प्रसव के दौरान 24 वर्षीय महिला और उसकी नवजात बच्ची की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल संचालक और स्टाफ के मौके से चले जाने तथा अस्पताल में ताला लगा दिए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

औंछा थाना क्षेत्र के कनिकपुर महलोई निवासी सचिन अपनी 24 वर्षीय पत्नी ललिता को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार शाम करीब चार बजे मां अंजनी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार अस्पताल में मौजूद डॉक्टर सुमंत यादव ने जच्चा और बच्चा दोनों की सुरक्षित डिलीवरी कराने की जिम्मेदारी ली थी। देर रात ललिता की सामान्य डिलीवरी हुई और उसने बच्ची को जन्म दिया, हालांकि परिजनों का आरोप है कि जन्म के कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक नवजात की मौत के बाद अस्पताल के स्टाफ ने ललिता को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ गई और रात करीब 11 बजे ललिता ने भी दम तोड़ दिया। सचिन का आरोप है कि दोनों की मौत के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और स्टाफ वहां से चले गए। नवजात का शव अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर रख दिया गया, जबकि ललिता का शव अस्पताल के बाहर कर दिया गया और अंत में अस्पताल में ताला लगा दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सचिन के अनुसार उनकी और ललिता की शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी और यह उनका पहला बच्चा था। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
📲Get App