धर्म
महानवमी पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सपरिवार किया कन्या पूजन, बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण का दिया संदेश
यहाँ देखें:
▶️ YouTube
बोलीं मुख्यमंत्री—हर बेटी को मिले सपने पूरे करने का समान अवसर, माता रानी से की सभी के सुख-समृद्धि की कामना
नई दिल्ली। महानवमी के पावन अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सपरिवार कन्या पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने बेटियों को साक्षात शक्ति का स्वरूप बताते हुए उनके सम्मान, शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बेटियों का सम्मान और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करना ही समाज की सच्ची प्रगति का आधार है। प्रत्येक बेटी को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलना चाहिए। कन्या पूजन की वास्तविक भावना तभी सार्थक होगी, जब हम बेटियों के प्रति सम्मान और समानता के भाव को अपने जीवन में अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेटियों को सशक्त बनाकर ही एक समृद्ध और प्रगतिशील समाज का निर्माण किया जा सकता है। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने माता रानी से सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य तथा देशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। महानवमी के अवसर पर उनका यह संदेश बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण के संकल्प को मजबूत करने वाला है।