🔥 ट्रेंडिंग उज्जैन होटल श्रीगंगा गैस लीक में 4 कर्... कोलकाता में बढ़ेगा बारिश, बंगाल की खाड... 11 नवंबर 2024 को सोना‑चांदी की कीमतें:... तुर्की के अंताल्या में COP31 जलवायु पर... जैसलमेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा क... अमेरिका में महंगाई की चिंता से केरल मे...
11 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

खैरथल में यातायात कर्मियों की कार्यशैली पर उठे सवाल,अब दिव्यांग पत्रकार से अभद्रता का आरोप

✍️ रिपोर्टर: Hira Lal Bhoorani 🗓 11 नव. 2026, 09:28 AM 👁 9
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*खैरथल में यातायात कर्मियों की कार्यशैली पर उठे सवाल, अब दिव्यांग पत्रकार से अभद्रता का आरोप*
*रोड से दूर खड़े वाहनों के चालान बनाने और आमजन से गाली-गलौच के आरोप, यातायात कर्मी सुभाष यादव पर दिव्यांग पत्रकार रवि दासवानी से बदसलूकी का आरोप*

खैरथल हीरालाल भूरानी

शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के नाम पर यातायात पुलिस कर्मियों की कार्यशैली को लेकर आमजन और व्यापारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यातायात नियमों की पालना करवाने के दौरान कुछ कर्मियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग, गाली-गलौच और मनमाने तरीके से चालान बनाए जा रहे हैं। अब मंगलवार को दिव्यांग पत्रकार रवि दासवानी के साथ भी यातायात कर्मी द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है।
दिव्यांग पत्रकार रवि दासवानी ने बताया कि मंगलवार को जब वह रेलवे फाटक पार कर रहे थे, उस दौरान आगे एक मोटरसाइकिल खड़ी होने के कारण उन्हें अपना वाहन आगे निकालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही थी। इसी बीच यातायात कर्मी सुभाष यादव ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौच करते हुए आगे जाने को कहा।
रवि दासवानी के अनुसार, जब उन्होंने यातायात कर्मी से पूछा कि वह इस तरह का व्यवहार क्यों कर रहे हैं, तो कथित तौर पर जवाब दिया गया कि "तू क्या बिगाड़ लेगा, तू कोई बड़ी तोप है क्या, जानता नहीं है तू मुझे।" पत्रकार का आरोप है कि एक जिम्मेदार पुलिसकर्मी द्वारा इस प्रकार की भाषा का प्रयोग आमजन के सम्मान और गरिमा के विपरीत है।
इससे पहले भी बाजार में वाहन खड़े करने को लेकर चालान बनाए जाने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई थी। कपड़ा व्यापारी गिरीश ने बताया कि उनका दोपहिया वाहन सड़क से काफी दूर खड़ा था, इसके बावजूद फोटो खींचकर चालान बना दिया गया। वहीं आयुष यादव ने बताया कि वह प्रभुजी मिष्ठान भंडार से मिठाई खरीदने गए थे। उन्होंने अपना चार पहिया वाहन प्रतिष्ठान की गली में सड़क से काफी दूर खड़ा किया था, फिर भी उनका चालान बना दिया गया।
*आखिर किसके दम पर आमजन से ऐसा व्यवहार?*
शहरवासियों का सवाल है कि क्या यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों को आमजन के साथ अभद्र भाषा और धमकी भरे लहजे में बात करने का अधिकार है? यातायात पुलिस का काम कानून की पालना करवाना है, न कि अपने व्यवहार से आमजन को भयभीत करना।
*उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग*
आमजन एवं व्यापारियों ने यातायात पुलिस के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि यातायात कर्मी सुभाष यादव पर लगे आरोपों सहित बाजार में चालान बनाने और आमजन के साथ व्यवहार करने के मामलों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। साथ ही यातायात कर्मियों को शालीनता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए जाएं।
शहरवासियों का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और उसका पालन करवाना आवश्यक है, लेकिन कानून के नाम पर किसी भी नागरिक के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। यातायात व्यवस्था के साथ-साथ जनसंवेदना और मानवीय व्यवहार भी पुलिस की कार्यशैली का हिस्सा होना चाहिए।
📲Get App