🔥 ट्रेंडिंग मध्य प्रदेश सरकार इन्फ्रास्ट्रक्चर के... बारामती पोलिसांचा धडाका! अवैध शस्त्र ब... 1971ના યુદ્ધમાં ભારતે મદદ નહોતી કરી...... मध्य प्रदेश में बाल विवाह के खिलाफ लड़... मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने संविधान दिवस... पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की...
28 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

कृषि संयुक्त निदेशक ने किया क्षेत्र भ्रमण, रबी फसलों की स्थिति का लिया जायजा किसानों को सिंचाई, रोग एवं पोषक तत्व प्रबंधन तथा एफएफएस ऐप से उर्वरक बुकिंग की दी जानकारी

✍️ रिपोर्टर: Jetha nand karyani 🗓 27 नव. 2026, 11:59 PM 👁 34
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
हनुमानगढ़। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) श्रीमती यशवंती ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का शुक्रवार को भ्रमण कर रबी फसलों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र भ्रमण के दौरान खेतों में खड़ी फसलों का निरीक्षण कर किसानों से बुवाई, सिंचाई एवं उर्वरकों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही किसानों को फसल उत्पादन तकनीक, सिंचाई प्रबंधन, रोग नियंत्रण, पोषक तत्व प्रबंधन तथा एफएफएस ऐप के माध्यम से उर्वरक बुकिंग प्रक्रिया की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि रबी सीजन 2026-27 के अंतर्गत जिले में अनुमानित 7 लाख 37 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक सरसों की 1 लाख 78 हजार 500 हेक्टेयर, गेहूं की 99 हजार 300 हेक्टेयर एवं चने की 71 हजार 800 हेक्टेयर सहित कुल 3 लाख 67 हजार 962 हेक्टेयर क्षेत्र में बुवाई हो चुकी है। वर्तमान में गेहूं की बुवाई का कार्य जारी है।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान सरसों की फसल में अधिकांश स्थानों पर प्रथम सिंचाई हो चुकी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में प्रथम सिंचाई का कार्य जारी पाया गया। नहरी पानी की उपलब्धता में देरी एवं अपेक्षाकृत कम मात्रा में पानी मिलने के कारण रबी फसलों की बुवाई प्रभावित हुई है। वर्तमान में नहरी पानी की उपलब्धता के अनुसार किसान धीरे-धीरे बुवाई कर रहे हैं तथा पानी की उपलब्धता बढ़ने के साथ बुवाई का क्षेत्रफल भी निरंतर बढ़ रहा है।

संयुक्त निदेशक ने किसानों को फसलों की आवश्यकता एवं अवस्था के अनुरूप समय पर सिंचाई करने, उपलब्ध पानी का दक्षतापूर्वक उपयोग करने तथा संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने संबंधित कृषि अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को फसलों में आवश्यकतानुसार नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों के संतुलित उपयोग तथा नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध करवाएं, ताकि मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने के साथ फसलों की बेहतर वृद्धि एवं गुणवत्तापूर्ण उत्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बीज जनित एवं मृदा जनित रोगों की समस्या सामने आ रही है, वहां सहायक कृषि अधिकारी एवं कृषि पर्यवेक्षक किसानों को बुवाई से पूर्व अनुशंसित विधि एवं कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार बीज उपचार करने के लिए प्रोत्साहित करें। किसानों को बीज उपचार के महत्व एवं इससे फसलों को प्रारंभिक अवस्था में रोगों से बचाने के संबंध में जागरूक किया जाए।

भ्रमण के दौरान संबंधित सहायक कृषि अधिकारी एवं कृषि पर्यवेक्षकों के मुख्यालय संबंधी कार्यों का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा भी की गई।

*एफएफएस ऐप से उर्वरक बुकिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश*

जिले में 25 नवंबर से प्रारंभ की गई एफएफएस ऐप आधारित ऑनलाइन उर्वरक वितरण व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसानों को ऐप के माध्यम से यूरिया एवं डीएपी की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाए। विशेष रूप से ऐसे किसानों को प्राथमिकता से तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाई जाए, जिन्हें स्वयं ऑनलाइन बुकिंग करने में कठिनाई हो रही है।

उन्होंने संबंधित सहायक कृषि अधिकारियों एवं कृषि पर्यवेक्षकों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में किसानों की सहायता सुनिश्चित करने तथा उर्वरक बुकिंग प्रक्रिया के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों के साथ निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखते हुए फसल उत्पादन तकनीक, सिंचाई प्रबंधन, रोग प्रबंधन, पोषक तत्व प्रबंधन एवं ऑनलाइन उर्वरक वितरण व्यवस्था के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध करवाएं, ताकि जिले में रबी फसलों का बेहतर उत्पादन सुनिश्चित होने के साथ उर्वरक वितरण व्यवस्था भी पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान हितैषी बनी रहे।
____
📲Get App