🔥 TRENDING Dead fish discovered in Yamuna, Delhi... Fire erupts on advertising board at Vi... बीदर में पंच गारंटी एवं भारत जोड़ो जनजा... एतावन ग्राम पंचायत में बालू लेन‑देन पर... सीहोर के खाईखेड़ा में मिली सुरेश दांगी... बाल दिवस पर भारतीय किसान यूनियन (अमर ट...
14 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

करौली में बाल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को बताए गए अधिकार और संरक्षण के उपाय

✍️ Reporter: Buddhi Prakash Mali 🗓 14 Nov 2026, 08:49 PM 👁 16
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बाल दिवस के अवसर पर करौली के मासलपुर ब्लॉक और शहर के स्कूलों में बाल अधिकार एवं संरक्षण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 14 से 20 नवंबर तक मनाए जा रहे बाल संरक्षण सप्ताह के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों और समुदाय को जागरूक किया जा रहा है।

करौली। बाल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन, बाल अधिकारिता विभाग एवं एक्शनएड एसोसिएशन–डीएमजी इवेंट्स करौली के संयुक्त तत्वावधान में मासलपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों तथा करौली के मंगल आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को उनके मौलिक अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, बाल श्रम एवं बाल विवाह उन्मूलन के प्रति जागरूक किया गया।

एक्शनएड एसोसिएशन के जिला समन्वयक दिनेश कुमार बैरवा ने बताया कि 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक बाल संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अवधि के दौरान सामुदायिक बैठकों, जागरूकता कार्यक्रमों, रैलियों, संवाद कार्यशालाओं एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों, अभिभावकों एवं समुदाय को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करना है।

बाल संरक्षण सप्ताह के तहत प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 14 नवंबर को 'मेरा अधिकार, मेरी पहचान' थीम के तहत बाल अधिकारों पर संवाद एवं शपथ ग्रहण, 15 नवंबर को 'पढ़ेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया' के माध्यम से शिक्षा का अधिकार एवं स्कूल सुरक्षा, 16 नवंबर को 'स्वस्थ बचपन, सुरक्षित कल' के तहत स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता, 17 नवंबर को 'बचपन बचाओ अभियान' के तहत बाल श्रम एवं बाल विवाह उन्मूलन, 18 नवंबर को 'सुरक्षित स्पर्श' के माध्यम से बच्चों को लैंगिक शोषण से बचाव एवं पॉक्सो एक्ट की जानकारी, 19 नवंबर को 'सुरक्षित इंटरनेट, खुशहाल मन' के तहत डिजिटल सुरक्षा एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा 20 नवंबर को विश्व बाल दिवस के अवसर पर 'हमारी आवाज, हमारा भविष्य' थीम के साथ बाल संसद, बाल ग्राम सभा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसी क्रम में आज मासलपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों में स्वयंसेवकों द्वारा बच्चों एवं समुदाय के बीच जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। कंचनपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में एक्शनएड की ब्लॉक समन्वयक गौरव कुमारी ने बच्चों को बाल अधिकारों, शिक्षा के महत्व एवं बाल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। वहीं करौली के मंगल आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य फजले अहमद की अध्यक्षता में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फजले अहमद ने बच्चों को उनके अधिकारों एवं संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन प्रभारी भीकम सिंह ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की उपयोगिता, संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने तथा बाल सुरक्षा सेवाओं के बारे में बताया। एक्शनएड के सामुदायिक प्रशिक्षक जगदीश जाट ने बाल अधिकारों, शिक्षा, बाल श्रम एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में बच्चों और समुदाय की भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बच्चों का संरक्षण केवल सरकारी संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि परिवार, विद्यालय और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और विकास के समान अवसर मिलना चाहिए। बाल विवाह, बाल श्रम, हिंसा एवं शोषण से मुक्त बचपन सुनिश्चित करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। आयोजकों ने आमजन से अपील की कि बाल संरक्षण सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा बाल अधिकारों के संरक्षण एवं बाल विवाह और बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
📲Get App