Travel
झाँसी–उरई रेल खंड का परख यान से निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
झाँसी–उरई रेल खंड पर डीआरएम की पैनी नजर, संरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश
उरई। रेल संचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने परख यान से झाँसी–उरई रेल खंड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल पथ, ओएचई, सिग्नलिंग व्यवस्था, समपार फाटकों सहित विभिन्न रेल परिसंपत्तियों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों से रेल खंड की व्यवस्थाओं एवं संरक्षा से जुड़े कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने रेल परिचालन को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। अनिरुद्ध कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा रेल पथ, ओएचई, सिग्नलिंग और अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसंपत्तियों की नियमित निगरानी एवं अनुरक्षण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और सुगम रेल संचालन रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। निरीक्षण के दौरान संबंधित रेल अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।