🔥 TRENDING वीरपुर में दशहरा पूजा की तैयारियों का... दौसा से मानपुर पुलिस थाने की बड़ी कार्... नवादा में रबी कार्यशाला एवं महिला किसा... बिलौंची में आवारा कुत्तों से घायल नीलग... नवरात्रों में उमड़ी भक्तों की लाइन ગાંધીધામ તાલુકાના મીઠીરોહરમાં એ.ટી.એસ....
15 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Agriculture

हरदा: रबी सिंचाई हेतु जल उपलब्धता और किसानों की समस्याओं पर जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक संपन्न

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 15 Oct 2026, 08:04 PM 👁 14
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में आगामी रबी सीजन के लिए नहरों के संचालन, जलभराव स्तर और किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण पर विस्तार से चर्चा हुई। तवा बांध में 87.65% जलभराव दर्ज किया गया है।

जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को जिला जल उपयोगिता समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री पुरुषोत्तम कुमार, जल संसाधन संभाग हरदा की कार्यपालन यंत्री सुश्री सोनम बाजपेयी, उप संचालक कृषि श्री प्रकाश ठाकुर, विद्युत वितरण कंपनी के उप महाप्रबंधक श्री कमल कांत सिंह, एसडीओपी श्रीमती शालिनी परस्ते, सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी रबी सिंचाई के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना, नहरों का सुचारू संचालन, उनकी साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य तथा किसानों द्वारा उठाई जा रही समस्याओं का त्वरित निराकरण करना था।

बैठक में अवगत कराया गया कि वर्तमान में तवा बांध का जलभराव स्तर 1162 एमसीएम है, जो कि 87.65 प्रतिशत है। इस वर्ष हरदा जिले में नहरों के माध्यम से 1,04,843 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हेतु जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों ने 22 अक्टूबर 2026 से हरदा जिले के बिंदु क्रमांक 3008 पर सिंचाई हेतु पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि नहरों में पानी छोड़े जाने से पूर्व उनकी समुचित साफ-सफाई, गाद निकासी और आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण किए जाएं, ताकि जल प्रवाह सुचारू बना रहे।

किसानों ने तवा परियोजना की एलबीसी एवं एचबीसी की मुख्य नहरों के प्रमुख बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने की मांग की, ताकि नहर संचालन और जल वितरण की प्रभावी निगरानी हो सके। इसके अतिरिक्त, सिंचाई संबंधी समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए एक नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित करने का सुझाव भी दिया गया। कार्यपालन यंत्री ने आश्वस्त किया कि सिंचाई सीजन के दौरान प्रतिवर्ष स्थापित होने वाला नियंत्रण कक्ष इस वर्ष भी स्थापित किया जाएगा, जिससे किसानों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यपालन यंत्री ने बताया कि नहरों की सफाई का कार्य प्रगति पर है और नहर संचालन प्रारंभ होने से पूर्व आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे। मुख्य नहरों पर सीसी टीवी कैमरे स्थापित करने की कार्यवाही भी की जाएगी। बैठक में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, नहरों के व्यवस्थित संचालन, जल के समुचित वितरण और निर्धारित सिंचाई लक्ष्य की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में उर्वरकों की समय पर और पर्याप्त उपलब्धता पर भी चर्चा की गई। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष श्री महेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित थे।
📲Get App