🔥 TRENDING मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाल बहाद... बिजलपुर रामलीला में फिल्मी गानों पर मह... খাদি ভবনে গান্ধী মূর্তিতে মাল্যদান করল... The legacy of Bapu's thoughts, the sel... સુરતમાં નાસ્તાની લારીની આડમાં MD ડ્રગ્... ટ્રાફિક પોલીસ ચોકી પાસે ટ્રક ચાલકો પાસ...
02 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

ग्वालियर के बिलौआ में 132 केवी सबस्टेशन ऊर्जीकृत, ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने किया शुभारंभ

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 02 Oct 2026, 02:33 PM 👁 6
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने ग्वालियर जिले के बिलौआ में 132 केवी सबस्टेशन को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर विद्युत पारेषण नेटवर्क से जोड़ दिया है। इससे क्षेत्र की विद्युत पारेषण व्यवस्था सुदृढ़ होगी और लगभग 70 हजार उपभोक्ता लाभान्वित होंगे।

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने ग्वालियर जिले के बिलौआ क्षेत्र में 132 केवी एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशन को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत कर विद्युत पारेषण नेटवर्क से जोड़ दिया है। 50 एमवीए क्षमता वाला यह सबस्टेशन प्रदेश के 418वें ईएचटी सबस्टेशन के रूप में पारेषण प्रणाली का हिस्सा बना है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि बिलौआ सबस्टेशन के ऊर्जीकृत होने से बिलौआ औद्योगिक क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत पारेषण व्यवस्था सुदृढ़ होगी। साथ ही, क्षेत्र में भविष्य की बढ़ती विद्युत मांग की पूर्ति के लिए आवश्यक पारेषण क्षमता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए एमपी ट्रांसको के अभियंताओं एवं कार्मिकों को बधाई दी।

सबस्टेशन के चालू होते ही 33 केवी के दो औद्योगिक फीडरों को भी सेवा में लेते हुए उन पर सफलतापूर्वक लोड प्रदाय कर दिया गया है। इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक विश्वसनीय बनाने में सहायता मिलेगी। बिलौआ सबस्टेशन में 50 एमवीए क्षमता का एक पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत होने के साथ ही ग्वालियर जिले की कुल ट्रांसफार्मेशन क्षमता बढ़कर 2161 एमवीए हो गई है।

एमपी ट्रांसको के बिलौआ सबस्टेशन से 33 केवी के चार फीडरों के माध्यम से मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को विद्युत प्रदाय किया जाएगा। इससे क्षेत्र की 119 औद्योगिक एवं व्यावसायिक इकाइयों, लगभग 60 गांवों के घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं, दो नगर परिषदों तथा बीएसएफ प्रशिक्षण केंद्र को लाभ मिलेगा। कुल मिलाकर लगभग 70 हजार विद्युत उपभोक्ता इस व्यवस्था से लाभान्वित होंगे।

बिलौआ ग्वालियर जिले का 12वां एक्स्ट्रा हाई टेंशन (ईएचटी) सबस्टेशन है। जिले में इसके अतिरिक्त 220 केवी के महलगांव तथा सिथौली सबस्टेशन सहित 132 केवी वोल्टेज लेवल के मोतीझील, मोहना, हस्तिनापुर, मुरार, तिघरा रोड, डबरा, चीनौर, भितरवार एवं फूलबाग (जीआईएस) सबस्टेशन संचालित हैं।
📲Get App