रक्षा
ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को बताए सड़क सुरक्षा के नियम
जालौन पुलिस सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा
उरई, जालौन। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सुरेश चन्द्र रावत के कुशल निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत यातायात पुलिस की टीम ने प्रचार वाहन के माध्यम से ग्राम हरदोई गूजर, मनोहरी, पनियारा, पढ़री सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी और पंपलेट वितरित कर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। इसके साथ ही वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाने के लिए सचेत किया गया। पुलिस टीम ने ग्रामीणों से सड़क पर चलते समय यातायात संकेतों का पालन करने तथा अन्य लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की। यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं यातायात नियमों का पालन करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों को अपनी आदत बनाएं, क्योंकि थोड़ी सी सावधानी अनमोल जीवन को बचा सकती है।