🔥 TRENDING SP ने DST बंग करने का आदेश दिया अब CO... സരസ് മേളയുടെ സംഘാടകസമിതി രൂപം കൊണ്ടു South Kashmir Youth Critically Injured... Clashes Erupt in French Cities as Prot... Indian Experts Urge Early Rabi Sowing,... Goan Art Scene Thrives with Beats, Mur...
25 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Education

गुना में FDDI और क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के बीच शैक्षणिक सहयोग हेतु एमओयू हस्ताक्षरित

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 25 Oct 2026, 11:27 AM 👁 11
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

गुना स्थित फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI) और क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के बीच कौशल विकास, फैशन डिजाइन और शोध को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं रोजगारोन्मुखी अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (FDDI), गुना तथा क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना के बीच शैक्षणिक सहयोग हेतु समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर FDDI, गुना की कार्यकारी निदेशक सुश्री मंजु मन तथा क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना के कुलपति डॉ. किशन यादव, सहायक कुलसचिव डॉ. पवन साहू एवं डॉ. श्रुति त्रिपाठी उपस्थित रहे। FDDI गुना की ओर से केंद्र प्रभारी श्री जितेंद्र गुप्ता, डॉ. प्रदीप कुमार मण्डल, राहुल कुमार पांडे, मनोज कुमार शर्मा एवं समस्त पदाधिकारी भी मौजूद थे। एमओयू पर FDDI की ओर से कार्यकारी निदेशक सुश्री मंजु मन तथा विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव ने हस्ताक्षर किए।

इस समझौते का मुख्य उद्देश्य दोनों संस्थानों की शैक्षणिक विशेषज्ञता एवं उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के लिए नए शैक्षणिक और व्यावसायिक अवसर विकसित करना है। इसके अंतर्गत कौशल विकास, फुटवियर एवं फैशन डिजाइन प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, औद्योगिक प्रशिक्षण, शोध, नवाचार तथा तकनीकी शिक्षा जैसे क्षेत्रों में आपसी सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। इस साझेदारी से विद्यार्थियों को अपने विषय से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने, कौशल विकसित करने तथा उद्योग की आवश्यकताओं को समझने का बेहतर अवसर मिलेगा।

एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थान आपसी सहमति से संयुक्त कार्यशालाओं, संगोष्ठियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, शोध परियोजनाओं तथा औद्योगिक भ्रमण जैसी गतिविधियों का आयोजन कर सकेंगे। इसके साथ ही, विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को शैक्षणिक मार्गदर्शन और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के लिए भी सहयोग की संभावनाएँ विकसित की जाएंगी। समझौता ज्ञापन के तहत विभिन्न सहयोगात्मक गतिविधियाँ दोनों संस्थानों की पारस्परिक सहमति एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार संचालित की जाएंगी।

गुना में FDDI और क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय के बीच यह एमओयू शैक्षणिक सहयोग को सुदृढ़ करने, कौशल आधारित शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक सार्थक पहल मानी जा रही है।
📲Get App