🔥 TRENDING Bihar CM to Review Law & Order, Scheme... Suniel Shetty Meets MP CM to Discuss F... Swara Baby Products Sets IPO Date, Pri... Indore High Court Sets Deadline for MP... West Bengal HS 3rd Semester Results Re... WBCHSE HS Semester 3 Results 2027 Rele...
28 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Health

एक घंटे तक इंतजार, तब हो सकी जिला अस्पताल में जांच

✍️ Reporter: ashif 🗓 28 Nov 2026, 03:25 AM 👁 19
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
बाराबंकी। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा सुचारु रूप से न मिलने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को अल्ट्रासाउंड कक्ष में ताला लटका होने और बिना जांच कराए मरीजों के लौटने की खबर प्रकाशित होने के बाद शुक्रवार को कक्ष खुला। इसके बाद जांच कराने के लिए मरीजों की कतार लग गई। हालांकि, मरीजों को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। प्रशिक्षु के पहुंचने के बाद अल्ट्रासाउंड जांच शुरू हो सकी।
जिला अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती नहीं है। ऐसे में मरीजों की जांच प्रशिक्षुओं के सहारे कराई जा रही है। बृहस्पतिवार को अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद होने के कारण मरीजों को बिना जांच कराए लौटना पड़ा था। इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद शुक्रवार को कक्ष का ताला खोला गया। सुबह से ही जांच के लिए मरीज पहुंचने लगे और देखते ही देखते कतार लग गई।
रसौली निवासी सत्यवती, माधुरी और मोहन ने बताया कि पेट में दर्द की शिकायत पर डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी। वे सुबह करीब दस बजे अस्पताल पहुंच गए थे, लेकिन जांच के लिए लगभग एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद उनका अल्ट्रासाउंड हो सका।
सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि अस्पताल में नियमित रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण मरीजों को असुविधा हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन को पत्र भेजकर रेडियोलॉजिस्ट की नियमित तैनाती की मांग की गई है।
डेंगू के दो नए मरीज मिले, गांवों में जांच के निर्देश
ठंड बढ़ने के बावजूद जिले में डेंगू संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में दो युवक डेंगू संक्रमित पाए गए। इनमें सिद्धौर क्षेत्र के एक गांव का 32 वर्षीय और सूरतगंज क्षेत्र के एक गांव का 22 वर्षीय युवक शामिल है। दोनों पिछले एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थे।
परिजनों के अनुसार, दोनों का पहले निजी चिकित्सकों से उपचार चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहां जांच में डेंगू की पुष्टि होने के बाद इलाज शुरू किया गया।
सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) के अधीक्षकों को गांवों में टीमें भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच कराने और संक्रमण की स्थिति का पता लगाने को कहा गया है।
📲Get App