स्थानीय
एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने इटावा में की समीक्षा गोष्ठी, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था पर दिए निर्देश
महिला एवं बाल सुरक्षा, मिशन शक्ति और साइबर अपराध नियंत्रण पर विशेष जोर
इटावा, उत्तर प्रदेश। एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, जनपद इटावा स्थित सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा गोष्ठी के दौरान जनपद में घटित अपराधों की स्थिति, अपराधियों के विरुद्ध की जा रही निरोधात्मक एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं तथा जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की बिंदुवार समीक्षा की गई। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने महिला एवं बाल सुरक्षा, मिशन शक्ति, साइबर अपराध नियंत्रण तथा जनसामान्य के प्रति पुलिस के व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को पुलिस की कार्यप्रणाली में जवाबदेही एवं पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना को मजबूत करने के निर्देश दिए। समीक्षा गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।