रक्षा
डॉ. बीपीएस कॉलेज में सड़क सुरक्षा कार्यशाला आयोजित, एनसीसी कैडेट्स को किया जागरूक
सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद, गुड समेरिटन कानून और पीएम राहत योजना की दी गई जानकारी
आगरा/शमशाबाद, 11 अक्टूबर 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को डॉ. बीपीएस कॉलेज, शमशाबाद, आगरा में एनसीसी (NCC) कैडेट्स के लिए सड़क सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यशाला में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (TSI) श्री रामनिवास सिंह अपनी ट्रैफिक टीम के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान टीम ने कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। जागरूकता अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को पंपलेट भी वितरित किए गए। कार्यशाला के दौरान ट्रैफिक टीम ने सड़क चिन्हों, रोड मार्किंग, ट्रैफिक लाइट तथा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए बनाए गए ‘गुड समेरिटन कानून’ और ‘पीएम राहत योजना’ के बारे में भी बताया गया। ट्रैफिक टीम ने छात्र-छात्राओं को समझाया कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, यातायात संकेतों का पालन करना और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आना, सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाकर यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित करना और समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश प्रसारित करना रहा।