🔥 ट्रेंडिंग What was cooked in the food some thing... सोनिया विहार दुर्घटना के बाद घाज़ियाबा... उज्जैन के होटल श्रीगंगा में गैस लीक से... शहडोल में डूबे तीन किशोरों के परिवारों... Condolence by aga syes Mahmood mosaic... हर्षिता बरडे का इंटर आईआईटी प्रतियोगित...
11 नव. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

छत्तौद में आस्था और परंपरा के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा, गोबर का तिलक लगाकर ग्रामीणों ने गले मिल दी एक-दूसरे को बधाई

✍️ रिपोर्टर: Mukesh Yadav 🗓 11 नव. 2026, 02:04 PM 👁 50
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

गायों से गोवर्धन खुंदवाने की परंपरा का हुआ निर्वहन, गड़वा बाजा की धुन पर दोहे गाते हुए यादव समाज ने घर-घर पहुंचकर बांधी सोहाई

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा-नेवरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत छत्तौद में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी देवारी पर्व के अवसर पर गोवर्धन पूजा का पर्व बड़े ही उत्साह, श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सदियों पुरानी लोकपरंपरा का निर्वहन करते हुए गायों से गोवर्धन खुंदवाया और एक-दूसरे को गोबर का तिलक लगाकर गले मिलते हुए गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अनूठी परंपरा के माध्यम से ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।

गोवर्धन पूजा के अवसर पर गांव में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। किसानों ने अपने-अपने घरों के कोठारों में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की। वहीं गौमाता का विशेष पूजन-अर्चन कर उन्हें अपने हाथों से पकवान एवं भोजन कराया गया। ग्रामीणों ने गायों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए कृषि, पशुधन और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर यादव समाज के लोगों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोककला की अनूठी छटा बिखेरी। गड़वा बाजा की मधुर धुन और पारंपरिक दोहों के साथ नाचते-गाते तथा जोहारते हुए यादव समाज के लोग गांव के घर-घर पहुंचे। इस दौरान गायों के गले में पारंपरिक सोहाई बांधी गई। इस मनमोहक परंपरा को देखने के लिए गांव के छोटे-बड़े सभी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गड़वा बाजा की धुन और पारंपरिक लोकगीतों ने पूरे गांव को उत्सव के रंग में रंग दिया।

गांव की मिट्टी से जुड़ी है आस्था और परंपरा

दीपावली और गोवर्धन पूजा का पर्व छत्तौद के लिए केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक एकता और पारिवारिक मिलन का भी विशेष अवसर है। गांव की एक खास परंपरा यह भी है कि रोजगार, नौकरी और बेहतर जीवनयापन के लिए दूर-दराज के शहरों एवं अन्य स्थानों पर रहने वाले ग्रामीण इस पर्व पर अपने पैतृक गांव लौटते हैं। अपने गांव, अपनी मिट्टी और परिवार के बीच त्योहार मनाने की यह परंपरा गांव की रौनक को और बढ़ा देती है। इस अवसर पर वर्षों बाद मिलने वाले ग्रामीण एक-दूसरे से गले मिलकर खुशियां साझा करते हैं।

वहीं शाम होते ही गांव के मैदानों, गलियों और चौक-चौराहों पर बच्चों की चहल-पहल बढ़ गई। बच्चों ने जगह-जगह पटाखे और छुरछुरी जलाकर दीपावली की खुशियां मनाईं। आतिशबाजी और उल्लास के बीच पूरा गांव उत्सवमय नजर आया।

इस प्रकार ग्राम पंचायत छत्तौद में गोवर्धन पूजा का पर्व धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक सौहार्द के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने अपनी पुरानी परंपराओं को जीवंत रखते हुए नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और गांव की विरासत से जोड़ने का संदेश दिया।
📲Get App