🔥 ट्रेंडिंग पंचायती राज 2026 में शेरपुर सूरौठ पंचा... बलिया में MLC चुनाव: समाजवादी पार्टी क... AAP के अमन अरोड़ा ने कांग्रेस को चेताव... पंजाब ने दवा अपराध से लड़ने के लिए प्र... असम राज्य लॉटरी ने 3 मार्च के मंगलवार... टाटा टी की 1868 ब्रांड लॉन्च, भारत को...
23 अक्टू. 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
स्थानीय

बैतूल में 831 नल-जल योजनाओं की निगरानी के लिए लागू आईओटी स्मार्ट ऑटोमेशन सिस्टम

✍️ रिपोर्टर: Pranav Gaur 🗓 22 अक्टू. 2026, 10:58 PM 👁 17
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बैतूल जिले में जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 831 नल-जल योजनाओं की निगरानी के लिए आईओटी आधारित स्मार्ट ऑटोमेशन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बांसपानी में इस प्रणाली का निरीक्षण किया।

बैतूल। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को नियमित एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए बैतूल जिले में आईओटी (IoT) आधारित स्मार्ट ऑटोमेशन तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। जिले में ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित 831 नल-जल योजनाओं की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विकासखंड बैतूल के ग्राम बांसपानी पहुंचकर नल-जल योजना में स्थापित आईओटी उपकरणों और स्मार्ट ऑटोमेशन प्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने मोटर-पंप के संचालन, विद्युत वोल्टेज एवं करंट, 50 हजार लीटर क्षमता वाली ओवरहेड टंकी के जलस्तर और कंट्रोल पैनल की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

आईओटी प्रणाली के माध्यम से मोटर-पंप के चालू-बंद होने, पंपिंग अवधि, विद्युत वोल्टेज, करंट और टंकी के जलस्तर से संबंधित जानकारी सिम आधारित संचार व्यवस्था के जरिए सर्वर तक पहुंचती है। केंद्रीकृत वेब डैशबोर्ड के माध्यम से जिला प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकृत अधिकारी योजनाओं की स्थिति ऑनलाइन देख सकेंगे। मोटर-पंप में खराबी, बिजली संबंधी समस्या, जलस्तर में अपेक्षित सुधार न होने या ड्राई-रन जैसी स्थिति की पहचान कर समय पर कार्रवाई करने में यह तकनीक सहायक होगी। उपलब्ध व्यवस्था के अनुसार अधिकृत ऑपरेटर मोबाइल एप से मोटर-पंप का संचालन भी कर सकते हैं।

ग्राम बांसपानी में नल-जल योजना के माध्यम से 303 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। यहां स्थापित आईओटी उपकरणों से योजना के संचालन और महत्वपूर्ण तकनीकी मानकों की निगरानी की जा रही है। इसका उद्देश्य तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर जलापूर्ति को अधिक विश्वसनीय बनाना है।

भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायत खडला के ग्राम नया गांव में सिरपुर पैटर्न के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद ग्राम पंचायत सावंगा में मक्के की फसल की स्थिति और कृषि गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष हस्तांतरित नल-जल योजनाओं में आईओटी आधारित नियंत्रक स्थापित करने की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाए। साथ ही उपकरणों की नियमित कार्यशीलता और प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री श्री एस.एस. मरकाम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री वर्मा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
📲Get App