🔥 TRENDING जगदीशपुर अधीक्षक द्वारा गंभीर मामले मे... Badshah launches his debut Marathi hip... BJP and Congress lock horns in Uttarak... Supreme Court stays FIR against Uttara... How to Verify Your Name on Delhi’s Dra... Haryana to Track Every Pregnancy via S...
31 Aug 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

बिहटा में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़

✍️ Reporter: Awanish Kumar 🗓 30 Aug 2026, 12:46 PM 👁 32
Watch on: ▶️ YouTube
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

बिहटा थाना क्षेत्र के परेव सोन नदी में नाविकों से रंगदारी वसूलने आए अपराधियों और पुलिस के बिच हुई मुठभेड़ एक अपराधी घायल

बिहटा से अवनीश कुमार कि रिपोर्ट

राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में रविवार सुबह सोन नदी के बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। रंगदारी वसूली की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग के बाद एक अपराधी के पैर में गोली लगने की सूचना है। वहीं, मुठभेड़ में बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि सोन नदी में नाविकों से कुछ अपराधियों द्वारा रंगदारी की वसूली की जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले इसकी तस्दीक की। मामला सही पाए जाने पर पुलिसकर्मी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए परेव इलाके में पहुंचे।पुलिस टीम को अपनी ओर आता देखकर बदमाशों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। देखते ही देखते सोन नदी के बीच गोलियों की तड़तड़ाहट गूंजने लगी। कुछ देर तक चली मुठभेड़ के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान अवनीश कुमार के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया

बांह को छूकर निकली गोली

मुठभेड़ के दौरान बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी गोली लगने से जख्मी हो गए। बताया जा रहा है कि गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई। उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, कथित तौर पर बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के भी घायल होने की सूचना है।

पिस्टल और हथियार बरामद, नाव जब्त

मुठभेड़ समाप्त होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पिस्टल समेत अन्य हथियार बरामद किए जाने की सूचना है। पुलिस ने मौके से एक नाव भी जब्त की है। बरामद हथियारों और नाव को लेकर पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

घटना की सूचना मिलते ही पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी अमरेंद्र कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद सोन नदी और आसपास के इलाकों में पुलिस ने नाकेबंदी और छापेमारी तेज कर दी।

टॉप-10 अपराधियों में बताया जा रहा अवनीश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल अवनीश कुमार भोजपुर-पटना इलाके के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। उसके एके-47 से जुड़े मामले में फरार होने की भी बात सामने आ रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मुठभेड़ के समय उसके साथ कितने अन्य अपराधी मौजूद थे और फायरिंग के बाद वे किस दिशा में फरार हुए।वारदात के बाद सोन नदी में आने-जाने वाली नावों की जांच बढ़ा दी गई है। पुलिस फायरिंग, हथियारों की बरामदगी, रंगदारी वसूली और फरार बदमाशों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फिलहाल पुलिस की विस्तृत आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।
📲Get App