🔥 TRENDING West Bengal CM Suvendu Adhikari Perfor... Kolkata Police Arrest Man Over Mislead... Man kills wife and father, places wife... Bihar to See Cooler Mornings, Warm Aft... Union Minister Shekhawat says India's... Bihar police officer's son killed, ano...
20 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Crime

भागलपुर में जमीन विवाद में युवक कि हत्या

✍️ Reporter: Awanish Kumar 🗓 20 Oct 2026, 02:30 PM 👁 17
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

भागलपुर जिला के पीरपैंती थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में युवक कि कुदाल से हत्या

भागलपुर से अवनीश कुमार कि रिपोर्ट

भागलपुर में जमीन विवाद में खूनी वारदात, कुदाल से हमला कर 22 वर्षीय युवक की हत्या, चाचा समेत कई लोगों पर आरोप, थाना से महज 3 किलोमीटर दूर हुई घटना, पुलिस की कार्यशैली पर परिजनों ने उठाए सवाल
भागलपुर के पीरपैंती थाना क्षेत्र के अठनिया गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान 22 वर्षीय राधे कुमार पर कुदाल से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राधे ने सोमवार की रात करीब 12 बजे मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान वासुदेव मंडल के बेटे राधे कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

इस घटना में मृतक के चाचा प्रकाश मंडल, महेंद्र मंडल, राजेश मंडल, दीपक मंडल समेत अन्य लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। सोमवार को करीब दो डिसमिल जमीन पर कब्जे और उसे लेकर चल रहे विवाद के दौरान कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान राधे के सिर पर कुदाल से वार किया गया। उसकी छाती पर भी गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे ही पीरपैंती थाना में आवेदन दिया गया था, लेकिन पुलिस न तो घटनास्थल पर पहुंची और न ही मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। मृतक के भाई राम कुमार मंडल का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे, तो उन्हें पहले घायल भाई का इलाज कराने और बाद में मामले को देखने की बात कही गई।

हत्या के बाद घर से फरार होने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी चाचा घर का सामान लेकर फरार हो गए। वहीं, राधे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे जमीन विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है। मामले में आरोपों की पुष्टि और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
📲Get App