🔥 TRENDING October 2026 OTT Line‑up: New Movies a... Teja Sajja to Host Telugu Version of '... Official Trailer Drops for 'Paralyzed... Netflix Unveils Trailer for ‘The One A... Ravi Kishan Set to Star in New Devotio... Maharashtra FDA orders infant food lab...
30 Sep 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
अथमलगोला का कल्याणपुर पंचायत सरकार भवन तक नहीं है संपर्क पथ ,चौतरफा जलजमाव

अथमलगोला का कल्याणपुर पंचायत सरकार भवन तक नहीं है संपर्क पथ ,चौतरफा जलजमाव

✍️ Reporter: Lalan Kumar 🗓 11 Aug 2026, 11:22 AM 👁 85
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

स्वतंत्रता दिवस पर भी उस भवन परिसर में झंडा फहराना असंभव , बीडीओ, बीपीआरओ ने समस्या के जल्द निदान की कही बात

पटना जिला अंतर्गत अथमलगोला प्रखंड का कल्याणपुर पंचायत सरकार भवन एवं खेल कोर्ट प्रशासनिक दूरदर्शिता के अभाव में दोहरी मार झेलने को मजबूर है।प्राप्त जानकारी के अनुसार कल्याणपुर पंचायत सरकार भवन कासिमपुर दाढ़ी गांव के बाहरी हिस्से में और निर्माणाधीन करजान ताजपुर पुल के संपर्क पथ से कुछ ही दूरी पर करीब सवा तीन करोड़ की लागत से बना है। ठीक उसी के बगल में खेल कोर्ट भी करीब नौ लाख की लागत से बनाया गया है।लेकिन भवन और खेल कोर्ट तक जाने का संपर्क पथ नहीं होने के कारण ग्रामीण और खिलाड़ियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उद्घाटन होने के साथ ही भवन में कार्यालय भी प्रारंभ हो चुका है।लेकिन प्रशासन पहुंच पथ के नाम पर मौन बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण से पूर्व सरकार को इस पर गंभीरता से विचार करना चाहिए था। एक तो पथ नहीं है।दूसरे करीब छह माह कीचड़ और पानी का जमाव भवन और खेल कोर्ट के आसपास निश्चित रहता है। जिससे वहां तक पहुंचना मुश्किल है। ग्रामीणों की माने तो सड़क के लिए ली जाने वाली जमीन रैयती है। और बिना ग्रामीणों से विचार विमर्श के स्थल का चयन कर आननफानन में भवन और खेल कोर्ट बना दिया गया। जो अब परेशानी का सबब बन गया है।वहीं एक खेलप्रेमी ने बताया कि जल जमाव वाले स्थान पर प्रशासन द्वारा जानबूझ कर खेल कोर्ट बनाया गया है। जिसका खेल प्रेमी उपयोग कम करेंगे।लेकिन रखरखाव के नाम पर प्रतिवर्ष लाखों रूपये की बंदरबांट जरूर होगी।
मुखिया अरविंद कुमार ने बताया कि कीचड़ पानी और संपर्क पथ नहीं होने के कारण करीब बीस दिन पूर्व से ही कार्यालय बंद कर दिया गया है।प्रखंड प्रशासन को जानकारी देते हुए ग्रामीण कार्य विभाग एवं मुख्यमंत्री कार्यालय तक संपर्क पथ के लिए पत्राचार किया गया है। चहारदीवारी निर्माण की भी गुजारिश की गई है।लेकिन अभी तक परिणाम शून्य है। पर्याप्त सरकारी जमीन मिलने के कारण उक्त स्थल पर निर्माण कार्य हुआ। अब स्वतंत्रता दिवस पर भी उस भवन परिसर में झंडा फहराना संभव नहीं प्रतीत हो रहा है। प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी दीवा श्री ने बताया कि जल जमाव वाले इलाके में भवन निर्माण से परेशानी है। लेकिन ग्राम प्रधान से समन्वय स्थापित कर जल्द ही संपर्क पथ की समस्या का समाधान निकाला जाएगा। वही प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि संपर्क पथ के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। आरडब्ल्यूडी से भी संपर्क किया गया है।लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि जल जमाव वाले इलाके का ही चयन क्यों किया गया? और किया भी गया तो जल जमाव से बचाव की पूर्ण व्यवस्था क्यों नहीं की गई?
📲Get App