🔥 ट्रेंडिंग श्री नीरज कुमार गुप्ता ने घग्गा में भा... સાવરકુંડલાના જીરા ગામમાં ઝેરી ચીભડું ખ... मैचबॉक्स न देने पर दिल्ली में आदमी की... दिल्ली में खुद को गोली मारने से एक व्य... वुशू खिलाड़ी गौरी ने पिता के मार्गदर्श... ओवैसी के विवाह बयानों पर भोपाल के संत...
16 सित. 2026
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन* *

✍️ रिपोर्टर: Rajendra Kumar sen 🗓 16 सित. 2026, 05:10 PM 👁 18
शेयर करें: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
*अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस पर विविध कार्यक्रमों का हुआ आयोजन*
*स्वच्छता अभियान, प्रभात फेरी,*
*नुक्कड़ नाटक एवं पौधरोपण के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
जैसलमेर, 16 सितम्बर। अंतर्राष्ट्रीय ओजोन दिवस के अवसर पर उप वन संरक्षक, जैसलमेर कुमार शुभम के निर्देशन में वन विभाग, नगर परिषद जैसलमेर, शिक्षा विभाग एवं स्काउट/गाइड के सहयोग से जन-जागरूकता के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से ओजोन परत के संरक्षण के साथ स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं वन संवर्धन का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रमों की कड़ी में मंगलवार, 15 सितम्बर को स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं के विषय ओजोन संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं वन संवर्धन पर केंद्रित रहे।
बुधवार को कार्यक्रमों की शुरुआत गड़ीसर तालाब परिसर से विशेष स्वच्छता अभियान के साथ हुई। अभियान में स्कूली विद्यार्थियों, आमजन, वन विभाग के कार्मिकों एवं नगर परिषद कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर परिषद की ओर से प्रतिभागियों को ग्लव्स, मास्क एवं अन्य आवश्यक सफाई संसाधन उपलब्ध करवाए गए। सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक गड़ीसर तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की।
इसके बाद गड़ीसर तालाब से गड़ीसर प्रोल होते हुए किशनी देवी मगनीराम राजकीय बालिका विद्यालय तक जागरूकता प्रभात फेरी निकाली गई। सहायक वन संरक्षक अरविन्द सिंह एवं नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। विद्यार्थियों ने ओजोन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
विद्यालय परिसर में नगर परिषद के मनोज मारोठिया के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। कलाकारों एवं विद्यार्थियों ने प्रभावी प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस अवसर पर मंगलवार को आयोजित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सहायक वन संरक्षक डीएनपी राजेन्द्र कुमार ग्रोवर, सहायक अभियंता रेशु, एसबीएम इंजीनियर एवं आईईसी एक्सपर्ट मयंकर सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
*ओजोन संरक्षण की ली सामूहिक शपथ, जाल एवं खेजड़ी के पौधे लगाए*
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने ओजोन परत एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की सामूहिक शपथ ली। कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय पर्यावरण एवं जैसलमेर की पहचान से जुड़ी प्रजातियों जाल एवं खेजड़ी के पौधों का पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक कुमार शुभम ने जिलेवासियों से ओजोन परत एवं पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओजोन परत हमारी धरती का सुरक्षा कवच है, जो सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी (यूवी) किरणों से हमारी रक्षा करती है। उन्होंने आमजन से हानिकारक रसायनों, विशेषकर सीएफसी जैसे ओजोन क्षयकारी पदार्थों के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने की अपील की।
📲Get App