🔥 TRENDING कोलकाता: चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल हा... President Murmu Condemns Tragic Boat A... BJP Urges Probe Into Viral Images Link... Surjit Bhalla’s SIR Analysis Shows 13... Jio Platforms Announces IPO: A Landmar... News18 Marathi Releases Top 18 Maharas...
18 Oct 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

अपर मुख्य सचिव ने नरसिंहपुर जिले की ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण, सिंगरी नदी पुनर्जीवन कार्य की सराहना

✍️ Reporter: Pranav Gaur 🗓 17 Oct 2026, 09:48 AM 👁 33
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती दीपाली रस्तोगी और राज्य स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों ने नरसिंहपुर जिले की ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर विकास कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सिंगरी नदी पुनर्जीवन कार्य की सराहना की और राजस्व वसूली व ठोस कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती दीपाली रस्तोगी सहित राज्य स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को नरसिंहपुर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर ग्रामीण विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों एवं पंचायतों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण दल में संचालक पंचायत राज श्री छोटे सिंह, सीईओ राज्य आजीविका मिशन श्री विनय निगम, डायरेक्टर जल निगम एवं स्वच्छ भारत मिशन श्री केवीएस चौधरी, सीईओ वीबी जी राम जी श्री मयंक अग्रवाल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, एडिशनल सीईओ श्री उदय प्रताप सिंह शामिल रहे।

अधिकारियों ने ग्राम पंचायत ढेलवार में पंचायत के कार्यों, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनकी गतिविधियों एवं आजीविका संबंधी कार्यों की जानकारी प्राप्त की। ग्राम पंचायत मगरधा में सिंगरी नदी के पुनर्जीवन के लिए किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने इसकी सराहना की। इसके साथ ही नर्मदा तट पर स्थित आश्रय स्थल, पौधरोपण, गौशाला तथा ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों का भी जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सभी ग्राम पंचायतों में जलकर, स्वच्छता कर एवं संपत्ति कर की वसूली सुनिश्चित करने तथा पोर्टल के माध्यम से राशि प्राप्त करने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाली ग्राम पंचायतों को 16वें वित्त आयोग से मिलने वाली राशि का केवल 80 प्रतिशत ही प्राप्त होगा। अधिकारियों ने सभी ग्राम पंचायतों में ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नल-जल योजनाओं के सभी कनेक्शन घरों के अंदर तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत सचिवों को अपनी पंचायत के सभी परिवारों को संबंधित पोर्टल पर ऑनबोर्ड करने के लिए भी कहा गया, जिससे शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र परिवारों तक सुगमता से पहुंच सके।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम ईश्वरपुर में निर्मित सीसी रोड का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा विकास योजनाओं का निर्धारित मापदंडों के अनुरूप क्रियान्वयन करने पर जोर दिया। संचालक पंचायत राज श्री छोटे सिंह ने जनपद पंचायत चांवरपाठा में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
📲Get App