🔥 TRENDING Himachal Pradesh: India's Pharmacy Tur... आगरा में 198 दीपों से वीरांगना रानी लक... Northern Command Hospital Performs Fir... ASHA workers stage 24‑hour protest in... Grand ‘Har‑Har Shipre’ Pilgrimage Star... Congress Leads Rajasthan Panchayat Ele...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Local

हनुमानगढ़ टाउन में भाजपा की पदयात्रा, कांग्रेस के खिलाफ की नारेबाजी

✍️ Reporter: Yash karyani 🗓 30 Oct 2026, 05:04 PM 👁 98
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत सेंट्रल पार्क से सुभाष चौक तक निकाली पदयात्रा

हनुमानगढ़। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने हनुमानगढ़ टाउन में पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सेंट्रल पार्क से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में भाजपा के झंडे नजर आए और उन्होंने ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत एवं जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में आयोजित पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। सुभाष चौक पहुंचने के बाद पदयात्रा नुक्कड़ सभा में परिवर्तित हो गई, जहां भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्ष पर चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता में भ्रम फैलाने के आरोप लगाए।

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस को जनता चुनावों में बार-बार नकार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसमर्थन खोने के बाद कांग्रेस वोट चोरी और एसआईआर जैसे मुद्दों को उठाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले ठोस तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार हैं और प्रत्येक राजनीतिक दल को जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर के मुद्दे पर आमजन के बीच भ्रम और आशंकाएं पैदा कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे तथ्यों के साथ जनता के बीच पहुंचकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दें।

भाजपा नेता अमित चौधरी ने कहा कि विपक्ष को जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए, लेकिन कांग्रेस वोट चोरी जैसे आरोपों को राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी रचनात्मक भूमिका निभाने की भी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी की बात आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

पदयात्रा में जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, प्रदीप ऐरी, जिला प्रवक्ता आशीष पारीक, कृष्ण तायल, पार्षद हिमांशु महर्षि, नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया। सभा के समापन पर भाजपा नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं के समर्थन में अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही।
📲Get App