🔥 TRENDING પોલીસ કર્મચારી પર ચપ્પુથી હુમલો કરતા હ... मवी ने जॉरहाट में भारतीय सेना से कार ल... Punjab Bridge Collapse: NHAI Blames Go... Assam Releases HSLC 2027 Timetable; Cl... Assam Channel Redirects Guns N' Roses... FKJGP, KSU Call for MRSSA Entry-Exit P...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Religion

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर गूंजे छठी मइया के जयकारे

✍️ Reporter: Sandeep Kumar 🗓 15 Nov 2026, 06:39 PM 👁 50
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post

व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर मांगी खुशहाली

सलेमपुर, देवरिया। लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ सलेमपुर क्षेत्र में पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नदावर घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों की संख्या में व्रती महिलाओं और पुरुषों ने घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं खुशहाली की कामना की।

छठ महापर्व के अवसर पर राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने भी नदावर घाट पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने छठी मइया से क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की मंगलकामना की। उनके साथ मौजूद श्रद्धालुओं ने भी पूरे भक्तिभाव से भगवान सूर्य की उपासना की।

सुबह से ही नदावर घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते-होते घाट पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं फल, फूल, नारियल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री से सजे दउरे लेकर घाट पहुंचीं। सूर्यदेव के अस्ताचल की ओर प्रस्थान करते ही व्रती जल में खड़े होकर पूरे विधि-विधान से अर्घ्य देने लगे। छठी मइया के पारंपरिक गीतों, भक्तिमय धुनों और जयकारों से पूरा घाट आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर हो उठा।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन एवं नगर पंचायत की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीराम यादव लगातार कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते नजर आए, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। घाट पर साफ-सफाई, प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस दौरान उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह तथा तहसीलदार सुशील कुमार भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते रहे।

गौरतलब है कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अनुपम संदेश भी देता है। इस पर्व में अस्ताचलगामी सूर्य के साथ-साथ उदीयमान सूर्य की भी उपासना की जाती है। कठिन व्रत, संयम, पवित्रता, त्याग और समर्पण से जुड़ा यह महापर्व सामाजिक सद्भाव, पारिवारिक एकता और लोककल्याण की भावना को भी मजबूत करता है।

नदावर घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब और भक्तिमय वातावरण इस बात का प्रमाण रहा कि सलेमपुर क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की आस्था और परंपराओं के प्रति समर्पण आज भी अटूट है।
📲Get App