🔥 TRENDING Taylor Swift Makes Surprise Return to... Storyboard18 Explores Economics of Com... FTII Professor Calls for Young Filmmak... पॉपटलाल सरग्रा ने मोकलसर में 15वीं बार... SVC Secures Nizam Rights for Upcoming... Gujarat Police Announces 3,000 Lokraks...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Education

विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी

✍️ Reporter: Rajkumar Kaithwas 🗓 17 Nov 2026, 08:10 PM 👁 62
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 14 से 20 नवम्बर 2026 तक ‘न्यायोत्सवः विधिक सप्ताह’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 नवम्बर को एक्सीलेंट एकेडमी, मंडलेश्वर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को संवैधानिक अधिकारों, कानूनों एवं आधुनिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें संवाद और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सशक्त बनाना है।

इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान करने वाले पॉक्सो अधिनियम एवं बाल श्रम निषेध कानून के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध जागरूक होकर अपनी आवाज उठा सकें।

इंटरनेट के बढ़ते उपयोग को देखते हुए विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग से बचाव तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में भी समझाइश दी गई। इसके अलावा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन तथा यातायात नियमों के पालन का महत्व बताया गया।

शिविर में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी एवं संवाद गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा किए तथा कानून से जुड़े सवाल पूछकर उनका समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को कानून का पालन करने और समाज में विधिक जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन एक्सीलेंट एकेडमी के सलाहकार श्री उम्मेदसिंह पटेल ने किया। शिविर में विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
📲Get App