🔥 TRENDING इंदिरा गांधी जयंती पर कांग्रेसियों ने... Piyush Goyal Unveils TRUST Agenda to B... India Targets $1 Trillion in Exports T... Heritage Sites to Boost India's Touris... Rahul Gandhi Digs at PM Modi Over Trum... India Criticises Pakistan's Misuse of...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা

विजयदशमी पर्व पर श्रद्धालुओं ने किए बालाजी महाराज के दर्शन

✍️ Reporter: Suraj Poswal 🗓 20 Oct 2026, 06:42 PM 👁 82
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
विजयदशमी पर्व पर श्रद्धालुओं ने किए बालाजी महाराज के दर्शन


संवाददाता सूरज पोसवाल
मेहंदीपुर बालाजी


सिद्धपीठ मेहंदीपुर बालाजी धाम में छह दिवसीय दशहरा महोत्सव के दौरान मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। देशभर से बालाजी दरबार में हाजिरी देने पहुंचे श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दरबार में दशहरे की राम-राम कर धोक लगाई। विजयदशमी के पर्व पर बालाजी मंदिर पीठाधीश्वर महंत डॉ नरेशपुरी महाराज के सानिध्य में अनेकों धार्मिक अनुष्ठान हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बालाजी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान को सोने का चोला चढ़ा महाआरती कर छप्पनभोग अर्पित किया गया।दर्शन के लिए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। हाथों में प्रसाद और मन में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना लिए भक्त राम नाम का जाप करते हुए बालाजी महाराज के दर्शन करते नजर आए। जय श्रीराम और जय बालाजी महाराज के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। मंदिर के गर्भगृह को भी विशेष रूप से सजाया गया।

सुरक्षा से लेकर चिकित्सा तक पुख्ता इंतजाम

दशहरा महोत्सव में आए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए को बालाजी मंदिर ट्रस्ट की ओर से व्यवस्थाएं की गई। दर्शन व्यवस्था संभालने के लिए 250 अतिरिक्त महिला एवं पुरुष गार्ड तैनात किए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए मंदिर के पास एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एम्बुलेंस भी तैनात रखी गई। दौसा एवं करौली जिला पुलिस के जवान भी यातायात व्यवस्था सहित भीड़ को नियंत्रित करते नजर आए।16 अक्टूबर से शुरू हुआ छह दिवसीय दशहरा महोत्सव 21 अक्टूबर तक चलेगा। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और बालाजी धाम में भक्ति, आस्था और राम नाम की गूंज के बीच दर्शन का सिलसिला जारी है।
📲Get App