🔥 TRENDING खुखुंदू थाना के पास विनोद कुमार त्रिपा... ୩୦ରେ ଅବସର ନେବାକୁ ବିନୟତୋଷଙ୍କୁ ଅନୁମତି सातासमुद्रापार खडवलीच्या लेकीचा डंका!... Fog alert extended for Punjab, Haryana... Haryana Homemaker Becomes Certified Dr... Delhi High Court Rejects Challenge to...
20 Nov 2026•
ગુજરાતી मराठी ਪੰਜਾਬੀ বাংলা
Sarkari Yojana

दिशा बैठक में सांसद अनुराग शर्मा ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

✍️ Reporter: PRAVEEN 🗓 14 Nov 2026, 02:48 PM 👁 76
Share: 💬 WhatsApp 📘 Facebook 𝕏 Post
झाँसी। सांसद झाँसी-ललितपुर अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 74 एजेंडा बिंदुओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को सरकार की मंशा के अनुरूप कार्य करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय योजनाओं के लक्ष्य और प्रगति की जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की जाए, ताकि कार्यों का सत्यापन हो सके और समस्याओं का समय से समाधान कराया जा सके।
सांसद ने निर्देश दिए कि अब तक स्वीकृत सभी निर्माण कार्यों की विभागवार सूची तैयार कर दिसंबर माह तक कार्य प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने सीएम पोर्टल पर मरीजों के इलाज के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों के नाम पर हो रही ठगी का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि मरीजों के मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति क्यूआर कोड भेजकर इलाज की धनराशि दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये मांग रहे हैं। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को तत्काल एफआईआर दर्ज कराकर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में वीबी-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने और अधिक से अधिक कन्वर्जेंस के कार्य कराने को कहा। उन्होंने योजना के तहत भेजे जा रहे 100 प्रस्तावों के लिए तत्काल भूमि चिह्नित कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 10,318 महिला स्वयं सहायता समूह बनाने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 6,021 समूह गठित किए जा चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ जनपद प्रदेश में तीसरे स्थान पर है। सांसद ने शेष लगभग चार हजार समूहों का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने के लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। सीडीओ ने बताया कि विभिन्न मेलों में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को दुकानें उपलब्ध कराकर रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने लाभार्थियों की सूची ग्राम पंचायतों एवं जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत जांच के लिए लंबित 19,547 आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने के लिए शिविर आयोजित करने को कहा। वहीं, झाँसी विकास प्राधिकरण की करारी योजना के तहत बनकर तैयार 736 आवासों का शीघ्र आवंटन कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मऊरानीपुर तहसील के बंगरा विकासखंड में ट्रामा सेंटर की स्थापना के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। सांसद ने कहा कि झाँसी-खजुराहो मार्ग के बीच ट्रामा सेंटर की आवश्यकता है, लेकिन इसके संचालन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के तहत अस्पतालों में उपलब्ध उपचार की जानकारी मरीजों और तीमारदारों को देने तथा निजी अस्पतालों में जन औषधि केंद्र की दवाएं लिखने के निर्देश दिए। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों द्वारा जन औषधि केंद्र की दवाएं लिखना सुनिश्चित करने को कहा। ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जल जीवन मिशन की समीक्षा में बताया गया कि जनपद की 10 परियोजनाओं में से सात पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि तीन अभी लंबित हैं। सांसद ने शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने और योजना के तहत क्षतिग्रस्त 1,604 किलोमीटर सड़कों में से अब तक 1,537 किलोमीटर सड़क की मरम्मत किए जाने की जानकारी ली। उन्होंने शेष सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने तथा मानक के अनुरूप किए गए कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनकी जांच कराई जा सके।
एनएचएआई के कार्यों की समीक्षा के दौरान सांसद ने झाँसी-कानपुर हाईवे की खराब स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब पूरा टोल लिया जा रहा है तो सड़क की हालत खराब क्यों है। उन्होंने निर्माणाधीन दो रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति जानी। अधिकारियों ने दिसंबर तक दोनों आरओबी का निर्माण पूरा करने की जानकारी दी। सड़क सुरक्षा के तहत प्रधानमंत्री राहत योजना में दुर्घटना पीड़ितों को 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज उपलब्ध कराने की जानकारी लेते हुए जनपद में अब तक लाभान्वित लोगों की सूची मांगी।
विद्युत विभाग की समीक्षा में जनप्रतिनिधियों ने अवर अभियंता मनोज यादव के विरुद्ध दुर्व्यवहार की शिकायत की। सांसद ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अमरोख में 33 केवी ट्रांसमिशन का कार्य पूरा हो गया है, जिससे क्षेत्र की विद्युत समस्या दूर होगी। साथ ही जनपद में नए विद्युत उपकेंद्रों के प्रस्तावों की जानकारी भी मांगी।
बैठक में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सांसद सहित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों एवं सुझावों का अनुपालन सुनिश्चित कर सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे कराए जाएंगे। जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन, विद्युत, स्वास्थ्य, दूरसंचार, रेलवे, राजमार्ग, एमएसएमई और डिफेंस कॉरिडोर से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।
बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार गौतम, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, एडीआरएम नन्दीश शुक्ला, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, नगर आयुक्त ए. सूदन, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, एडीएम प्रशासन संजय चावला, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, एडीएम नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार, मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहौर, पीडी डीआरडीए राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
📲Get App